उदयपुर,(एआर लाइव न्यूज)। केन्द्रीय वस्तु एवं सेवाकर आयुक्तालय सीजीएसटी उदयपुर की एंटी इवेजन शाखा ने बीएमएस ट्रेडलिंक कंपनी पर कार्यवाही कर 17.40 लाख रूपए जीएसटी की रिकवरी की है। बीएमएस ट्रेडलिंग कंपनी का उदयपुर में फतेहपुरा स्थित बाठेड़ा हाउस कॉलोनी में ऑफिस है।
विभाग द्वारा डाटा माइनिंग करने पर पाया कि मैसर्स बी.एम.एस. ट्रेडलिंक प्राईवेट लिमिटेड, उदयपुर द्वारा जीएसटी भुगतान में करोडों की इनपुट टैक्स क्रेडिट ली जा रही थी, जो कि जीएसटीआर-2ए के अनुसार उपलब्ध इनपुट टैक्स क्रेडिट से बहुत अधिक थी। इस विसंगति के सत्यापन के लिए एंटीइवेजन शाखा द्वारा करदाता के रजिस्टर्ड पते पर निरीक्षण की कार्यवाही की गई और दस्तावेजों की जांच की गई।
कीमती पत्थरों के व्यापार के नाम पर एल्यूमीनियम स्क्रेप का व्यापार कर रही थी कंपनी
सीजीएसटी से प्राप्त जानकारी के अनुसार जांच में सामने आया कि मैसर्स बीएमएस ट्रेडलिंक प्राईवेट लिमिटेड ने रजिस्ट्रेशन में केवल कीमती पत्थरों का व्यापार करना दर्शाया, जबकि कम्पनी एल्युमिनियम स्क्रेप का व्यापार कर रही है। आगे जांच में पाया कि कम्पनी एल्युमिनियम स्क्रेप का आयात कर रही है और इस पर लगने वाले आईजीएसटी का क्रेडिट ले रही है। जांच में यह भी पाया गया कि करदाता ने माह दिसंबर 2021 में 14.20 लाख रूपए का गलत इनपुट टैक्स क्रेडिट क्लेम कर लिया था।
अधिकारियों ने कम्पनी के डायरेक्टर सौरभ सिंघवी के संज्ञान में लाने पर उन्होंने अपनी गलती स्वीकार करते हुए मौके पर ही जीएसटी मय देय ब्याज एवं पेनल्टी कुल 17.40 लाख रूपए जीएसटी की रिकवरी सरकारी खाते में जमा करवाई। कम्पनी से रजिस्ट्रेशन के समय विभाग को कमोडिटी के संदर्भ में गलत सूचना देने के कारण नियमानुसार अलग से 50 हजार रूपए की पेनल्टी भी वसूली गई।

