Site iconSite icon AR Live News

उदयपुर में रोड-रेज मर्डर : ऑटो चालक को तीन युवकों ने पीट-पीट कर मार डाला

road rage murder in udaipur biker kills auto driverroad rage murder in udaipur biker kills auto driver
लोग वीडियो बनाते रहे, लेकिन कोई बचाने के लिए आगे नहीं आया
बाइक और ऑटो के बाइक को ऑवरटेक करने के दौरान हुई मामूली टक्कर से हुआ विवाद, तीन आरोपी गिरफ्तार

उदयपुर,(एआर लाइव न्यूज)। शहर में ओवरटेक को लेकर हुई कहासुनी इतनी बढ़ गयी कि बाइक सवार तीन युवकों ने ऑटो चालक की पीट-पीट कर हत्या कर दी। रोड-रेज की यह घटना प्रतापनगर थाना क्षेत्र के देबारी में घाटा वाली माता मंदिर के पास हुई है। पुलिस ने मामले में तीन आरोपियों की गिरफ्तारी कर ली है।

प्रतापनगर पुलिस ने बताया भाया लाल कालबेलिया ऑटो में भंगार का सामान लेकर डबोक स्थित अपने निवास पर जा रहा था। तभी रास्ते में एक बाइक को ओवरटेक करने के दौरान हल्की सी टक्कर लग गयी। इसी बात पर बाइक सवार तीन युवकों ने ऑटो चालक भाया लाल के साथ गालीगलौज और मारपीट शुरू कर दी।

युवकों ने भायालाल को इतना पीटा कि उसकी वहां मौत हो गयी। ऑटो चालक भाया ने युवकों के सामने हाथ-पैर जोड़े, लेकिन युवकों ने उसकी एक नहीं सुनी और उसे तब तक मारते रहे, जब तक वह मर नहीं गया। इसके बाद तीनों युवक वहां से फरार हो गए। सूचना पर युवक के परिजन मौके पर पहुंचे और उसे अस्पताल लेकर गए। जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

लोग वीडियो बनाते रहे, बचाने की कोशिश तक नहीं की

इस पूरे घटनाक्रम के दौरान वहां भारी भीड़ इकट्ठी हो गयी। लोगों ने युवकों के ऑटो चालक को बेरहमी से पीटते हुए के वीडियो तो खूब बनाए, लेकिन इकट्ठी हुई भीड़ में से किसी ने भी उन युवकों को रोकने और ऑटो चालक को बचाने का प्रयास नहीं किया। जो लोग वीडियो बनाते रहे, वे अगर उन युवकों को रोक लेते तो शायद वह ऑटो चालक जीवित होता और इन तीन युवकों के सिर पर हत्या जैसे जघन्य अपराध का इल्जाम नहीं होता।

प्रतापनगर थानाधिकारी दर्शन सिंह ने बताया कि ऑटो चालक के साथ मारपीट करते हुए का वीडियो मिला है। इस वीडियो में जो युवक मारपीट कर रहे थे, उन्हें पकड़ लिया गया है। पुलिस ने उदयसागर निवासी ओमप्रकाश उर्फ पप्पू और महेंद्र सिंह को गिरफ्तार कर एक अन्य को डिटेन किया है।

Exit mobile version