उदयपुर(एआर लाइव न्यूज)। यूआईटी ने नया वित्तीय वर्ष शुरू होने से पहले ऑन लाइन भूखंड नीलामी का कार्यक्रम तय कर लिया है। इनमें आवासीय और व्यवसायिक भूखंडों की नीलामी शामिल है। नीलामी प्रक्रिया 22 मार्च से शुरू हो जाएगी।
चेयरमैन ताराचंद मीणा के निर्देश पर की जा रही भूखंड नीलामी में सबसे ज्यादा आवासीय भूखंड चित्रकूट नगर भुवाणा ए ब्लॉक व श्याम नगर भुवाणा में है। इनमें अधिकांश कॉर्नर के भूखंड है। इन आवासीय भूखंडों के लिए यूआईटी की बोली 3000 रूपए प्रति वर्ग फीट से लेकर 4220 रूपए प्रति वर्ग फीट की रेट से शुरू होगी। नीलामी में शामिल व्यवसायिक भूखंडों की बोली 10 हजार और 15 हजार रूपए प्रति वर्ग फीट की रेट से शुरू होगी। यूआईटी सचिव अरूण हसीजा ने बताया कि बोली में भाग लेने वाले व्यक्ति को ऑन लाइन पंजीयन करवाना होगा। बोली लगाने से पहले बोलीदाताओं को निर्धारित धरोहर राशि यूआईटी में जमा करवानी होगी।
इन क्षेत्रोंं में स्थित भूखंड होंगे नीलाम
चित्रकूट नगर भुवाणा ए ब्लॉक,श्याम नगर भुवाणा विस्तार योजना बी ब्लॉक और सी ब्लॉक,राजस्व ग्राम भुवाणा मीरा नगर बी ब्लॉक के पास, राजस्व ग्राम रूप नगर भुवाणा में आवासीय भूखंडों की नीलामी होगी जबकि सबसिटी सेंटर ब्लॉक डी, सेंट्रल एरिया योजना और राजस्व ग्राम डबोक 300 फीट हाइवे पर स्थित व्यवसायिक भूखंड को इस नीलामी में शामिल किया गया है।
नीलामी की सामान्य शर्ते
- नीलामी में भाग लेने हेतु इच्छुक बोलीदाता ऑनलाईन पंजीयन करा सकेंगे।
- नीलामी प्रक्रिया 22 मार्च को सुबह 11 बजे से प्रारम्भ होकर 4 अप्रैल को दोपहर 3 बजे तक रहेगी।
- नीलामी में भाग लेने के इच्छुक व्यक्ति 30 मार्च 2022 को दोपहर 12 बजे तक आनॅलाईन पंजीयन कराकर इसी दिन (30 मार्च) को शाम 4 बजे तक धरोहर राशि(ईएमडी) ऑनलाईन जमा कराए इस नीलामी में भाग ले सकेंगे।
- 30 मार्च को दोपहर 12 बजे बाद ऑनलाईन पंजीयन कराने वाले व्यक्ति नीलामी में भाग नहीं ले सकेंगे।
- अन्तिम पांच मिनट में यदि कोई बोलीदाता बोली लगाता है तो बोली का समय स्वत: पांच मिनट आगे बढ़ता जायेगा एवं इस पश्चात् भी यदि अन्तिम पांच मिनट में भी कोई बोलीदाता बोली नहीं लगाता है तो ही बोली का समय समाप्त माना जायेगा।
- प्रत्येक बोली बोलीदाता को स्वयं हर बार ऑनलाईन लगानी होगी। ई-विजिनेस रूल्स में अंकित ऑटोविडिंग सुविधा वर्तमान में उपलब्ध नहीं है।
- धरोहर राशि भूखण्डवार जमा करानी होगी। किसी भी बोली को स्वीकृत या अस्वीकृत करने का अधिकार यूआईटी चेयरमैन का होगा।
भुगतान की शर्तों में यह छूट मिलेगी
- अब धरोहर राशि (ईएमडी) बिड मूल्य का 2 प्रतिशत ली जाएगी।
- सफल बिडराशि की 15 प्रतिशत राशि 3 दिन में जमा करानी होगी जिसमें 2 प्रतिशत ईएमडी समायोजित कर ली जाएगी।
- बोली स्वीकृति के बाद बिडमूल्य की (विविध खर्चे सहित) 35 प्रतिशत राशि 240 दिन में एवं शेष 50 प्रतिशत राशि 360 दिन में जमा कराई जा सकती हैं।
- सम्पूर्ण नीलामी राशि मांग पत्र जारी होने के 15 दिन में जमा कराने पर नीलामी मूल्य में 2 प्रतिशत की छूट दी जाएगी।

