उदयपुर,(एआर लाइव न्यूज)। हिरणमगरी थाना क्षेत्र के उमरड़ा स्थित एसएस कॉलेज हॉस्टल में रैगिंग का मामला सामने आया है। छात्र आशुतोष बाकिलीवाल ने कॉलेज स्टूडेंट अक्षत शर्मा, दीपक, अयक्ष सिंह चंपावत के खिलाफ रैगिंग करने और रैगिंग के नाम पर मुर्गा बनाकर मारपीट करने का मामला दर्ज करवाया है। थानाधिकारी रामसुमेर ने बताया कि आरोपी छात्रों को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया गया। कोर्ट ने तीनों आरोपी छात्रों को न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया है।
छात्र को आधी रात हॉस्टल कमरे से जबरन ले गए सीनियर
पुलिस ने बताया कि आशुतोष ने एसएस कॉलेज में प्रवेश लिया है और कॉलेज हॉस्टल में रह रहा है, उसके सीनियर स्टूडेंट अक्षत, दीपक और चंपावत भी हॉस्टल में रहते हैं। पीड़ित छात्र ने रिपोर्ट में बताया कि आरोपी सीनियर स्टूडेंट रात को हॉस्टल में कमरे में आए और दोस्त सौरभ को जबरन ले गए। उसके साथ मारपीट की और मुर्गा बनाया। रिपोर्ट देने वाले छात्र का मोबाइल छीन लिया, मारपीट और दोस्त को फोन कर 10 हजार रूपए लाने को कहा।
पीड़ित छात्र ने कहा कि रातभर दहशत में वे अपने कमरों में बंद रहे और सुबह होते ही पुलिस थाने में रिपोर्ट दर्ज करवाई है।

