Site icon AR Live News

उदयपुर में ऋण माफिया का आतंक : कपड़ा व्यापारी ने शोरूम पर ही फांसी लगाकर दी जान

businessman suicide due to harassment of money lenders mafia

1 करोड़ रूपए का ऋण, ढाई करोड़ वसूल चुके थे, फिर भी कर रहे थे परेशान

उदयपुर,(एआर लाइव न्यूज)। शहर के सूरजपोल थाना क्षेत्र में अमल का कांटा स्थित कपड़ों के शोरूम पर कपड़ा व्यापारी दीपक मेहता ने ऋण माफिया से परेशान होकर खुदकुशी कर ली। व्यापारी ने मरने से पहले एक सुसाइड नोट भी छोड़ा।

सूरजपोल थानाधिकारी लीलाधर मालवीया ने बताया कि न्यू फतहपुरा निवासी व्यापारी दीपक मेहता (45) का कपड़ों का होलसेल और रिटेल का व्यापार है और अमल का कांटा क्षेत्र में नमस्कार के नाम से परिधानों का शोरूम है। बीती रात सभी स्टाफ के जाने के बाद व्यापारी दीपक मेहता ने अपने शोरूम के पेंट्री में फांसी लगाकर खुदकुशी कर ली। देररात तक जब व्यापारी घर नहीं पहुंचे और फोन भी रिसीव नहीं किया तो परिजन शोरूम पहुंचे। तब तक दीपक मेहता की फांसी लगाने से मौत हो चुकी थी।

सुसाइड नोट और परिजनों की रिपोर्ट के आधार पर हेमलता मोगरा और उसके पति निरंजन मोगरा के खिलाफ आईपीसी की धारा 306 के तहत आत्महत्या के लिए दुष्प्रेरित करने के आरोप में एफआईआर दर्ज कर ली है। हेमलता मोगरा कलेक्ट्री स्थित अल्पसंख्यक विभाग में डवलपमेंट ऑफिसर है।

ऋण पर वसूला 20 प्रतिशत ब्याज

मृतक व्यापारी दीपक की पत्नी ने बताया कि दीपक ने व्यापार के लिए करीब 1 करोड़ रूपए हेमलता मोगरा से ऋण लिया था। हेमलता मोगरा 20 प्रतिशत व्याज लगा कर वसूल कर रही थी। दीपक हेमलता मोगरा को 1 करोड़ के बदले करीब ढाई करोड़ रूपए दे चुका था। इसके बावजूद हेमलता मोगरा और उसका पति निरंजन दीपक को लगातार परेशान कर रहे थे और ऋण देते समय सिक्योरिटी के लिए रखे घर और दुकान के कागजों के नाम पर घर पर कब्जा करने की धमकी दे रही थी।

दीपक ने सुसाइड नोट में लिखा कि लिए गए ऋण से दोगुनी से ज्यादा राशि लौटाने के बावजूद हेमलता मोगरा और उसका पति निरंजन मोगरा लगातार परेशान कर रहे हैं, वह घर पर कब्जा करना चाहते हैं और लगातार रूपए मांग रहे है। इससे वह मानसिक दबाव में आ चुका है और अब पेरशान होकर खुदकुशी कर रहा है।

Exit mobile version