उदयपुर,(एआर लाइव न्यूज)। भारत सरकार के पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्रालय की अधिसूचना अनुसार आगामी 1 जुलाई से चिन्हित सिंगल यूज प्लास्टिक आइटमस के उत्पादन, आयात, संग्रहण, वितरण, बिक्री, एवं उपयोग को प्रतिबंधित किया गया है। खासबात है कि इस प्रतिबंध के दायरे में घरेलू उपयोग में आने वाले कई प्लास्टिक आइटम आएंगे।
प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के विनय कट्टा ने बताया कि प्लास्टिक वेस्ट मेनेजमेन्ट रुल्स, 2016 के अनुसार पोलीस्टाइरीन सहित सिंगल यूज प्लास्टिक आइटमस पर रोक रहेगी। इसके तहत प्लास्टिक स्टिक वाले ईयर बड्स, गुब्बारों के लिए प्लास्टिक की डंडिया, प्लास्टिक के झंडे, कैंडी, स्टिक, आइसक्रीम की डंडिया, पोलीस्टाइन की सजावटी सामग्री, प्लेटें, कप, गिलास, कांटे, चम्मच, चाकू, स्ट्रा, ट्रे, जैसे कटलरी, मिठाई के डिब्बों, निमन्त्रण कार्ड एवं सिगरेट पैकेट पर लपेटने-पैक करने वाली फिल्में, 100 माइक्रोन से कम मोटाई वाले प्लास्टिक पीवीसी बैनर, स्टिकर आदि पर रोक रहेगी।
सभी इंडस्ट्रीज को नोटिस जारी कर दे दी गयी है सूचना
उन्होंने बताया कि इस संबंध में एक नोटिस जारी कर सभी उत्पादनकर्ता, स्टॉकिस्ट, रिटेलर्स, दुकानदार, ई-कामर्स, फैरी वाले, वाणिज्यिक प्रतिष्ठानों मॉल, बाजार, शॉपिंग सेन्टर, सिनेमा हॉल, पर्यटन स्थल, विद्यालय-महाविघालय, कार्य स्थल, अस्पताल, होटल व अन्य संस्थाओं व जन सामान्य को सूचित कर दिया गया है।
उन्होंने बताया कि इस नोटिफिकेशन के प्रावधनों के उल्लंघन करने में संबंधित प्रतिष्ठान और व्यक्ति के खिलाफ सामान जब्त करने, पर्यावरण क्षतिपूर्ति राशि वसूलने और व्यवसायिक प्रतिष्ठानों को बंद करने की कार्यवाही की जा सकती है।

