जयपुर (एआर लाइव न्यूज)। जनता से जुड़ी समस्याओं के समाधान को लेकर भाजपा के राज्यसभा सांसद डॉ.किरोड़ी लाल मीणा शुक्रवार को जयपुर में सड़क पर ही धरने पर बैठ गए। बाद में पुलिस ने उन्हें हीरासत में ले लिया।
किरोड़ी लाल मीणा सीएम के निवास के पास होकर गुजर रहे थे। इस दौरान पुलिस ने उन्हें यहां रोक लिया। इस बात पर मीणा को गुस्सा आ गया और वे सड़क किनारे ही धरने पर बैठ गए। मीणा ने पुलिस के इस कदम पर विरोध भी जताया और कहा कि जनता की समस्या को लेकर किसी मंत्री के घर जाना कोई अपराध नहीं है जो पुलिस उन्हें ऐसे बीच रास्ते में ही रोक रही है। बात ज्यादा आगे बढ़ती उससे पहले पुलिस किरोड़ी मीणा को लेकर हीरासत में लेकर थाने में ले गई। मीणा ने कहा कि पुलिस कुछ भी कर ले,वे जनता की समस्याएं उठाते रहेंगे।
वसुंधरा भी किरोड़ी के समर्थन में
इस घटना के बाद पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे ने सोशल मीडिया के जरिए किरोड़ी मीणा के पक्ष में बयान जारी किया। वसुंधरा ने बयान में कहा कि जनहित के काम को लेकर राज्य सरकार के मंत्री से मिलने जा रहे सांसद डॉ.किरोड़ी मीणा को सिविल लाइंस में पुलिस द्वारा गिरफ्तार किया जाना कांग्रेस सरकार की तानाशाही है। यदि पुलिस ऐसी ही सख्ती अपराधियों को पकडऩे में दिखाती तो राजस्थान महिला अत्याचारों में देश में नंबर वन नहीं होता।

