भूखंड, नकदी लेन-देन सहित कई महत्वपूर्ण दस्तावेज और पैन ड्राइव, हार्ड ड्राइव, लैपटॉप जब्त
उदयपुर,(एआर लाइव न्यूज)। देश सहित प्रदेश के ग्रेनाइट किंग राजेन्द्र यादव के याशिका ग्रेनाइट ग्रुप पर चल रही आयकर कार्रवाई दूसरे दिन बुधवार को भी जारी रही। याशिका ग्रुप के राजसमंद, किशनगढ़, पुष्कर सहित करीब 12 ठिकानों से आयकर टीमों ने कई महत्वपूर्ण पैनड्राइव, हार्ड ड्राइव, लैपटॉप सहित दस्तावेज जब्त किए हैं।
कार्रवाई के दौरान आयकर टीमों को ग्रेनाइट व्यवसाय के अलावा भूखंडों से संबंधी दस्तावेज और लेन-देन के हिसाब, बड़ी मात्रा में नकदी और जेवर मिले हैं। आयकर टीमें जांच में जुटी हैं ताकि इनकी अघोषित संपत्ति और इससे जुड़े लोगों का खुलासा हो सके। आयकर की इस कार्रवाई से राजेन्द्र यादव से संबंधित उद्यमियों, नेताओं और अधिकारियों में भी खलबली मची हुई है।
गौरतलब है कि याशिका ग्रेनाइट प्रदेश ही नहीं बल्कि देश में सबसे ज्यादा ग्रेनाइट प्रोसेसिंग देने वाली यूनिट है। यह ग्रेनाइट में भी ब्लैक ग्रेनाइट के लिए प्रसिद्ध है। इसीलिए इसके मालिक राजेन्द्र यादव को ग्रेनाइट किंग के नाम से भी जाना जाता है।

