बीकानेर, (एआर लाइव न्यूज)। बीकानेर में बुधवार सुबह नेशनल हाइवे पर तेज रफ्तार से आ रही एक कार को रोकने की कोशिश करते समय कार ने ट्रेफिक सिपाही मुकेश मीणा को तेज टक्कर मार दी। जिससे सिपाही गंभीर रूप से घायल हो गया। उसका इलाज बीकानेर के पीबीएम अस्पताल में चल रहा है। घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस अधिकारी भी पीबीएम अस्पताल पहुंचे।
जानकारी के अनुसार श्रीकोलायत थाने की एक टीम बुधवार को हाइवे पर तेज गति से चल रही कारों को रोक रही थी। इस दौरान सिपाही मुकेश मीणा ने एक तेज रफ्तार कार को रुकने का इशारा किया। लेकिन कार चालक कार को रोकने के बजाय सिपाही मुकेश को तेज टक्कर मारते हुए मौके से फरार हो गया। टक्कर इतनी तेज थी कि मुकेश कई फीट दूर जाकर गिरा।
वहाँ तैनात दूसरे पुलिसकर्मियों ने गंभीर रूप से घायल मुकेश को एक अन्य गाड़ी से ग्रीन कोरीडोर बनाकर बीकानेर के पीबीएम अस्पताल में ट्रोमा सेंटर पहुंचाया। जहां उसका इलाज चल रहा है, उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है। पुलिस फिलहाल सिपाही को टक्कर मारकर फरार हुई कार की तलाश में जुटी है।

