Site iconSite icon AR Live News

मुख्यमंत्री अशोक गहलोत बुधवार को पेश करेंगे राज्य बजट

उदयपुर(एआर लाइव न्यूज)। मुख्यमंत्री अशोक गहलोत राजस्थान विधानसभा में वित्तीय वर्ष 2022-23 के लिए 23 फरवरी को बजट पेश करेंगे। इस बजट से मेवाड़ सहित राजस्थान की जनता और विधायकों को बड़ी उम्मीदें है।

कोरोना काल के कड़वे अनुभव को देखते हुए इस बार के बजट में भी स्वास्थ्य सेवाओं को प्राथमिकता मिलने की उम्मीद है। इसके अलावा पेयजल, उच्च शिक्षा, रोड नेटवर्क, पर्यटन विकास, नई तहसील, उपखंड मुख्यालय और नए थाने खोलने की घोषणाएं भी बजट में होने की पूरी आस है।

पहली बार अलग से पेश होगा कृषि बजट

राजस्थान विधानसभा में बुधवार का दिन किसानों के लिए भी अहम रहने वाला है। सदन में पहली बार किसानों के लिए मुख्यमंत्री अशोक गहलोत अलग से कृषि बजट भी पेश करेंगे। मुख्यमंत्री गहलोत ने प्रदेश की जनता को विश्वास दिलाया है कि यह बजट उनकी आकांक्षाओं तथा उम्मीदों पर खरा उतरेगा। गहलोत ने कहा है कि हमें उम्मीद है कि हम किसान, मजदूर, युवा, महिलाओं, कर्मचारियों, विद्यार्थियों सहित सभी वर्गां की उम्मीदों पर खरा उतरेंगे।

मुख्यमंत्री ने मंगलवार को राज्य बजट को अन्तिम रूप दिया

मुख्यमंत्री गहलोत ने मंगलवार को मुख्यमंत्री निवास पर राज्य बजट को अन्तिम रूप दिया। इस अवसर पर प्रमुख शासन सचिव वित्त अखिल अरोरा, शासन सचिव वित्त (राजस्व) सुरेश चन्द गुप्ता, शासन सचिव वित्त (बजट) सुधीर कुमार शर्मा, शासन सचिव वित्त (व्यय) नरेश कुमार ठकराल एवं निदेशक (बजट) ब्रजेश किशोर शर्मा भी मौजूद थे।

Exit mobile version