उदयपुर (एआर लाइव न्यूज)। तमाम उतार-चढ़ाव के बीच एक अच्छी खबर यह है कि स्मार्ट सिटी के तहत कार्यों के आधार पर हमारा उदयपुर देश की 100 स्मार्ट सिटी की ताजा रैंकिंग में तीसरे पायदान पर आ गया है।
शहरी विकास मंत्रालय ने इस माह की रैंकिंग जारी की है उसमें उदयपुर 87.48 अंक के साथ देश भर में तीसरे स्थान पर रहा है। जबकि भोपाल 120.75 अंक के साथ पहले और इंदौर 120.45 अंक के साथ दूसरे स्थान पर है। देश भर की रैंकिंग में उदयपुर के बेस्ट पॉजिशन में आने के साथ ही एक और अहम बात यह भी है कि रैंकिंग में उदयपुर ने जयपुर, अजमेर और कोटा जैसे बड़े शहरों को भी स्मार्ट सिटी के तहत हो रहे कार्यों की प्रगति के मामले में बहुत पीछे छोड़ दिया है। स्मार्ट सिटी में शामिल प्रदेश के ये तीनों शहर देश के टॉप टेन स्मार्ट सिटी में भी जगह नहीं बना पाए है।
अब तक जारी हुई रैंकिंग में उदयपुर पहली बार तीसरे नंबर पर आया
स्मार्ट सिटी उदयपुर के कार्यवाहक सीईओ प्रदीप सांगावत ने बताया कि अब तक जारी हुई रैंकिंग में पहली बार उदयपुर तीसरे नंबर पर आया है। यह खूशी की बात है और इससे यह भी साफ होता है कि 100 शहरों के मुकाबले उदयपुर में स्मार्ट सिटी के काम की प्रगति भी अच्छी है और काम व्यवस्थित तरीके से भी हो रहे है। शहर में रात में भी काम करवाया जा रहा।
कार्य प्रगति की स्थिति
उदयपुर में स्मार्ट सिटी के तहत 233.67 करोड़ के 77 काम पूर्ण हो चुके है जबकि 653.12 करोड़ के 21 काम प्रगति पर हैं। 11.59 करोड़ के 4 काम डीपीआर स्तर है जबकि 2.33 करोड़ के 3 काम टेंडर प्रक्रिया में है। 88.19 करोड़ लागत का सीवरेज नेटवर्क का काम पूर्ण हो चुका है और 8 हजार 553 मकानों में कनेक्शन के लक्ष्य पर 8 हजार 300 मकानों में कनेक्शन हो चुके है। वॉल सिटी में एलएंडटी कंपनी के मार्फत चल रहे 537 करोड़ के काम मार्च 2022 तक काम पूर हो जाएंगे।

