Site iconSite icon AR Live News

रीट लेवल-2 परीक्षा निरस्त, गहलोत सरकार का फैसला

रीट-2021 लेवल प्रथम के 15,500 पदों पर नियुक्ति प्रक्रिया जारी रहेगी

उदयपुर(एआर लाइव न्यूज)। मुख्यमंत्री अशोक गहलोत की अध्यक्षता में सोमवार को सीएमआर में हुई कैबिनेट बैठक में रीट लेवल-2 परीक्षा निरस्त करने का फैसला लिया गया है। रीट-2021 लेवल प्रथम के 15,500 पदों पर नियुक्ति प्रक्रिया जारी रहेगी सिर्फ रीट-2021 लेवल द्वितीय की परीक्षा ही निरस्त होगी।
कैबिनेट बैठक के बाद मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने जयपुर में पत्रकार वार्ता में खुद इस बात की जानकारी दी। रीट परीक्षा मेंं हुई गड़बड़ी की भाजपा द्वारा सीबीआई से जांच की मांग करने के मामले में गहलोत साफ कर दिया कि रीट मामले की जांच एसओजी ही करेगी। हमने एसओजी को फ्री हैंड कर रखा है। कैबिनेट बैठक में तय किया गया कि रीट-2021 लेवल प्रथम के 15,500 पदों पर नियुक्ति प्रक्रिया जारी रहेगी सिर्फ रीट-2021 लेवल द्वितीय की परीक्षा ही निरस्त होगी।

शिक्षक भर्ती परीक्षा को लेकर अब दो एग्जाम होंगे

सीएम अशोक गहलोत पत्रकार वार्ता में बताया कि 62000 पदों के लिए शिक्षक भर्ती परीक्षा को लेकर अब दो एग्जाम होंगे, रीट केवल एलिजिबिलिटी टेस्ट रहेगा,उसके बाद शिक्षक भर्ती के लिए टेस्ट देना होगा। सरकार इसके लिए अब नियमों में संशोधन करेगी।

रीट-2022 इस वर्ष जुलाई में प्रस्तावित

कैबिनेट ने विद्यालयों में रिक्त पद भरने, शिक्षा में गुणवत्ता तथा युवाओं को रोजगार के अधिक से अधिक अवसर प्रदान करने के लिए निर्णय किया कि रीट परीक्षा-2022 के माध्यम से होने वाली भर्ती में पदों की संख्या को 20 हजार से बढ़ाकर अब 30 हजार किया जाए। इसमें रीट-2021 के लेवल द्वितीय के 16 हजार 500 पद जोड़ते हुए अब कुल 46 हजार 500 पदों के लिए रीट-2022 का आयोजन इस वर्ष जुलाई माह में किया जाना प्रस्तावित है। इससे रीट परीक्षा-2021 के लेवल द्वितीय के अभ्यर्थियों तथा जो विद्यार्थी अभी बीएसटीसी और बीएड का अध्ययन कर रहे हैं, उन्हें भी परीक्षा में बैठने का अवसर मिल सकेगा। बीएसटीसी करने वाले विद्यार्थियों का परिणाम जून माह में आने की संभावना ह

42 अधिकारियों-कार्मिकों को निलंबित एवं बर्खास्त किया जा चुका

रीट परीक्षा मेंं गड़बड़ी का मामला सामने आने के बाद सरकार ने एसओजी को जांच सौंपी। अब तक कुल 38 लोग गिरफ्तार किए जा चुके हैं, जिनमें 14 अभ्यर्थी भी शामिल हैं। इस मामले में 1 करोड़ 16 लाख रूपए की रिकवरी की जा चुकी है। 26 सितम्बर, 2021 को आयोजित रीट परीक्षा के बाद कुल 42 अधिकारियों-कार्मिकों को निलंबित एवं बर्खास्त तक किया जा चुका है।

भाजपा के तीन गुट वर्चस्व की लड़ाई में युवाओं का सपना चकनाचूर कर रहे

पत्रकार वार्ता में कांग्रेस के प्रदेशाध्यक्ष एवं पूर्व शिक्षा मंत्री गोविंदसिंह डोटासरा ने कहा कि सरकार गिराने का षडय़ंत्र करने वाले औंधे मुंह गिरे तो नए-नए षडय़ंत्र कर रहे हैं। राजस्थान भाजपा में वसुंधरा राजे, सतीश पूनीयां और किरोड़ी लाल मीणा के तीन ग्रुप बन गए हैं। इन तीन ग्रुपों की वर्चस्व की लड़ाई ने 20 लाख युवाओं के सपनो को चकनाचूर करने का प्रयास किया हैं, लेकिन हम युवाओं को नौकरी देकर रहेंगे, भाजपा वाले चाहे जो हथकंडे अपनाएं।

Exit mobile version