उदयपुर,(एआर लाइव न्यूज)। शहर के प्रतापनगर चौराहे पर ओवर ब्रिज के नीचे खड़े सेल्समैन से बाइक सवार दो बदमाश 86 हजार रूपयों से भरा बैग लूट कर ले गए। सेल्समैन बदमाशों के पीछे भागा भी, लेकिन बदमाश बलीचा बाईपास की तरफ फरार हो गए। खासबात यह है कि यह घटनाक्रम पुलिस बैरिकेटिंग के पास और प्रतापनगर थाने से मात्र सौ मीटर दूर ही हुआ। चौराहे पर पुलिस बैरिकेटिंग के पास हमेशा पुलिस मौजूद रहती है।
उदयपुर शहर में बदमाश इतने बेखौफ हो गए हैं कि कभी व्यापारी पर फायरिंग कर, तो कभी पुलिस के सामने लूट की वारदात कर लगातार पुलिस को चुनौती दे रहे हैं।
पुलिस ने बताया कि नारायण पुत्र गुलाब सिंह जनावत ने प्रतापनगर थाने में लूट की एफआईआर दर्ज करवाई है। रिपोर्ट में बताया कि नारायण चॉकलेट कंपनी में काम करता है। शुक्रवार देर शाम नारायण डबोक से कैश कलेक्शन कर लौट रहा था। उसके पास बैग में कलेक्शन के करीब 86 हजार रूपए थे। वह प्रतापनगर पुलिस के नीचे खड़ा था कि तभी दो बाइक सवार उसके नजदीक आए और बैग छीन कर बलीचा हाईवे की तरफ फरार हो गए। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान के प्रयास कर रही है।

