Site iconSite icon AR Live News

राजस्व मंत्री रामलाल जाट को हनी ट्रैप में फंसाने की थी साजिश: आरोपी न्यूड फोटो से मॉडल को कर रहे थे ब्लैकमेल

jodhpur model attempt to suicide case linked with minister ramlal jat honey trap conspiracyjodhpur model attempt to suicide case linked with minister ramlal jat honey trap conspiracy

इस साजिश के पीछे कोई भू-माफिया तो नहीं..?

उदयपुर,(एआर लाइव न्यूज)। जोधपुर में 29 जनवरी की रात होटल की छठी मंजिल से गुनगुन नाम की एक मॉडल के कूदकर आत्महत्या के प्रयास के मामले में चौंकाने वाला सनसनीखेज खुलासा हुआ है। अस्पताल में भर्ती मॉडल गुनगुन ने खुलासा किया कि उसे दीपाली और अक्षत ने उदयपुर एक ज्वैलरी-साड़ी शूट के नाम से बुलाया था, दीपाली ने होटल के बाथरूम में नहाते समय उसके कुछ आपत्तिजनक फोटो ले लिए और अब उसे ब्लैकमेल किया जा रहा है।

ब्लैकमेल कर मॉडल पर दबाव बनाया जा रहा है कि वह राजस्व मंत्री व उदयपुर के प्रभारी मंत्री रामलाल जाट को हनी ट्रैप में फंसाने की साजिश में आरोपी दीपाली और अक्षत का साथ दे। जोधपुर पुलिस ने बताया कि मामले में सुभाष नगर भीलवाड़ा निवासी अक्षत उर्फ सागर उर्फ चीनू उर्फ नितिन शर्मा पुत्र नंदकिशोर और झुंझुनू हाल उदयपुर निवासी दीपाली पुत्री सुरेन्द्र कुमार स्वामी को गिरफ्तार कर लिया गया है। लोगों को हनी ट्रैप में फंसाकर उनको ब्लैकमेल करने के आरोप में अक्षत 2016 में भी गिरफ्तार किया जा चुका है।

मंत्री जी को ऐसे फंसाने की थी साजिश

पुलिस ने बताया कि दीपाली औार अक्षत ने जोधपुर निवासी मॉडल गुनगुन को नवंबर में उदयपुर एक ज्वैलरी और साड़ी शूट के नाम से बुलाया था। उदयपुर में गुनगुन ने मॉडलिंग शूट पूरा किया। यहां वह जिस होटल में रूकी थी, बाथरूम में उसके नहाते हुए कुछ न्यूड फोटो ले लिए गए। जिसकी उस वक्त गुनगुन को कोई भनक तक नहीं लगी।

मॉडलिंग शूट पूरा होने के बाद गुनगुन नवंबर में जोधपुर लौट गयी। दिसंबर में दीपाली ने गुनगुन को फोन कर उसके न्यूड फोटो होने की बात कहकर धमकाया और ब्लैकमेल कर उदयपुर आने को कहा। मजबूरन जब गुनगुन उदयपुर पहुंची, तो अक्षत, दीपाली और एक अन्य मॉडल उसे भीलवाड़ा ले गए।

दीपाली, अक्षत ने ब्लैकमेल कर दबाव बनाया कि गुनगुन भीलवाड़ा के सर्किट हाउस में किसी काम के बहाने जाए, वहां ठहरे राजस्व मंत्री रामलाल जाट से मुलाकात कर संपर्क बढ़ाए। इसके बाद गुनगुन मंत्री को हनी ट्रैप में फंसाने की कोशिश करे। लेकिन गुनगुन ने इस बात से इनकार कर दिया और वह जोधपुर लौट आयी। दीपाली और अक्षत गुनगुन को वीडियो-फोटो वायरल करने की धमकी देकर दबाव बना रहे थे। इस बात से परेशान होकर गुनगुन ने 29 जनवरी की रात होटल की छठी मंजिल से कूदकर आत्महत्या का प्रयास किया।

मॉडल को समय रहे अस्पताल में भर्ती करवाया गया और उसकी जान बच गयी। इसके बाद उसने आत्महत्या के प्रयास के कारण का खुलासा किया तो पुलिस महकमें में हड़कंप मच गया।

मंत्री जी को हनी ट्रैप कर उनसे क्या करवाने की साजिश थी.?

रामलाल जाट राजस्थान में राजस्व मंत्री भी हैं। राज्य के सभी भूमि-संबंधी मामलों में इनका सीधा दखल हो सकता है। ऐसा तो नहीं, कि मंत्री को हनी ट्रैप करने की कोशिश के पीछे किसी बड़े भू-माफिया का हाथ हो और उसने इस काम के लिए दीपिका और अक्षत को मोहरा बनाया हो। हालां कि पूरी हकीकत पुलिस जांच के बाद ही सामने आएगी।

Exit mobile version