जयपुर,(एआर लाइव न्यूज)। सीनियर आईएएस ऊषा शर्मा राजस्थान की मुख्य सचिव बन गयी हैं। सोमवार को प्रदेश सरकार ने आदेश जारी कर उन्हें राजस्थान मुख्य सचिव पद पर नियुक्त किया है। जारी आदेश के अनुसार आईएएस ऊषा शर्मा मुख्य सचिव के अलावा प्रदेश के महत्वपूर्ण विभाग राजस्थान राज्य खान एवं खनिज लिमिटेड के अध्यक्ष पद का भी अतिरिक्त कार्यभार संभालेंगी।
इधर आज ही मुख्य सचिव पद से सेवानिवृत हुए आईएएस निरंजन कुमार आर्य को मुख्यमंत्री का सलाहकार नियुक्त किया गया है। ऊषा शर्मा 1985 बैच की आईएएस हैं। आईएएस ऊषा अभी तक दिल्ली में केन्द्र सरकार के खेल एवं युवा मंत्रालय में सचिव थीं।
ऊषा शर्मा प्रदेश की दूसरी महिला मुख्य सचिव बनीं हैं। इनसे पहले राजस्थान की प्रथम महिला मुख्य सचिव कुशल सिंह थी। मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने उनकी पिछली सरकार के दौरान फरवरी 2009 में कुशल सिंह को मुख्य सचिव नियुक्त किया था।

