उदयपुर,(एआर लाइव न्यूज)। उदयपुर में एक बार फिर रविवार को एक ही दिन में तीन कोरोना संक्रमितों की मौत हुई है। जबकि आज रविवार को 3075 लोगों की कोरोना जांच हुई, इसमें 496 लोग संक्रमित पाए गए हैं। गौरतलब है कि 28 जनवरी को भी एक ही दिन में तीन संक्रमितों ने दम तोड़ा था।
ऐसे में भले ही प्रदेश सरकार ने जनअनुशासन कर्फ्यू में छूट और राहतें बढ़ा दी हों, लेकिन जिले में संक्रमितों और मृतकों की बढ़ती संख्या को देखते हुए आमजन को विशेष सावधानी बरतने की जरूरत है।
सीएमएचओ डॉक्टर दिनेश खराड़ी से प्राप्त रिपोर्ट के अनुसार रविवार को निजी अस्पताल में भर्ती 73 वर्षीय पुरूष, 72 वर्षीय महिला और 57 वर्षीय पुरूष की मौत हुई है। हालां कि तीनों संक्रमित ही संक्रमित डायबिटीज, हाईपरटेंशन सहित अन्य बीमारियों से भी ग्रसित हो गए थे। उदयपुर में 3329 कोरोना एक्टिव केस हैं, इसमें 108 संक्रमित शहर के सरकारी और निजी अस्पतालों में भर्ती हैं।
शहर में 254 और ग्रामीण क्षेत्र में 242 संक्रमित
रिपोर्ट के अनुसार आज आए 496 संक्रमितों में 254 शहरी क्षेत्र और 242 ग्रामीण क्षेत्र से हैं। इसमें 225 नए केस, 49 कोरोना वॉरियर्स, 218 क्लोज कॉन्टेक्ट से हुए संक्रमित हैं, वहीं 2 प्रवासी भी कोरोना पॉजिटिव मिले हैं।

