उदयपुर(एआर लाइव न्यूज)। उदयपुर जिला मुख्यालय सहित मेवाड़ में बुधवार को गणतंत्र दिवस समारोह उत्साह के साथ मनाया गया। हालांकि कोरोना काल के चलते अधिकांश जगह संक्षिप्त कार्यक्रम हुए।
उदयपुर में गांधी ग्राउंड में जिला स्तरीय समारोह में खाद्य एवं आपूर्ति मंत्री प्रतापसिंह खाचरियावास ने तिरंगा फहराया। खाचरियावास ने कहा कि मेवाड़ की धरा ने पूरी दुनिया को संदेश दिया हैं शौर्य और स्वाभिमान का और इसी परंपरा का निर्वहन पूरा हिन्दुस्तान कर रहा है। कोरोना काल का जिक्र करते हुए खाचरियावास ने कहा कि मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के प्रयासों से इस महामारी से बचाव व सुरक्षा के लिए हर संभव प्रयास किये जा रहे है।
खेल प्रतिभाएं और लोगों की जिंदगी बचाने वाले भी हुए सम्मानित
समारोह में अन्तर्राष्ट्रीय पावर लिफ्टिंग खिलाड़ी गौरव साहू,बास्केटबॉल खिलाड़ी हर्ष नंदिनी सिंह चौहान, सॉफ्टबॉल खिलाड़ी गिरजा शंकर भोई, मनीष भोई व समयश पालीवाल, तैराक विधि सनाढ्य, किक बॉक्सिंग खिलाड़ी अनमोल खत्री के साथ ही एमबी अस्पताल के अधीक्षक डॉ.आर एल सुमन, फतहसागर में डूबते व्यक्ति को बचाने वाले मुकेश वैष्णव, रेस्क्यू एवं फायर फाइटिंग क्षेत्र बेहतरीन कार्य के लिए फायर ब्रिगेड में कार्यरत प्रताप सिंह देवड़ा, राज्य पथ परिवहन निगम के मुख्य प्रबंधक महेश उपाध्याय और बडग़ांव उपसरपंच मिनाक्षी सुथार सहित 27 व्यक्तियों का किया सम्मान किया गया। हरिओम सेवा संस्थान निंबाहेड़ा के श्याम सुंदर सोमानी, कानोड़ की वद्र्धमान महिला सेवा संस्थान, प्रताप नगर की राजस्थान बाल कल्याण समिति, महाराणा मेवाड़ पब्लिक स्कूल के प्रधानाचार्य संजय दत्ता को भी सम्मानित किया गया।
शहीद अभिनव नागौरी के माता-पिता को भी किया सम्मानित
खाचरियावास ने उदयपुर के शहीद लेफ्टिनेंट अभिनव नागौरी के पिता धर्मचन्द्र नागौरी व माता सुशीला नागौरी को भी सम्मानित किया। महापौर गोविन्द सिंह टांक, संभागीय आयुक्त राजेन्द्र भट्ट, कलेक्टर ताराचंद मीणा,आबकारी आयुक्त चेतन देवड़ा, एसपी मनोज कुमार,उप जिला प्रमुख पुष्कर तेली और एडीएम सिटी अशोक कुमार सहित कई अधिकारी, जनप्रतिनिधि और गणमान्य नागरिक समारोह में शामिल हुए।
इनका भी हुआ सम्मान
लोक कलाकार हेमंत कुमावत, वन्यजीव प्रेमी विक्रम सालवी, सुखाडिय़ा विश्वविद्यालय के सहायक कुलसचिव डॉ.राजेश चन्द्र कुमावत,राउमावि कल्याणपुर के वरिष्ठ सहायक लोकेश सालवी, राउमावि बगुरूवा सराडा के शारीरिक शिक्षक राजेंद्र प्रसाद चौबीसा, यूएनडीपी के प्रोजेक्ट आफिसर मुदित माथुर, खान एवं भूविज्ञान विभाग के कनिष्ठ सहायक आनंद जैन, जिला एवं सेशन न्यायाधीश के प्रोटोकॉल लिपिक प्रकाश कुमावत, पश्चिम क्षेत्र सांस्कृतिक केंद्र के हेल्पर कारपेंटर मेहमूद अहमद,नगर निगम के वरिष्ठ सहायक घनश्याम मेनारिया, डूंगरपुर की मॉडल डॉ.दिव्यांशी कटारा, राउमावि बछार के वरिष्ठ सहायक मोहम्मद अशफाक, जिला पुलिस अधीक्षक कार्यालय के लेखाधिकारी मनोहर लाल सुखवाल, जिला परिषद के सहायक विकास अधिकारी अजेन्द्र पुरी गोस्वामी को भी प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।

