मुंबई,(एआर लाइव न्यूज)। मुंबई के ताड़देव क्षेत्र स्थित 20 मंजिला रिहायशी इमारत में शनिवार सुबह अचानक आग लग गई। इमारत के 18वीं मंजिल पर लगी आग ने कुछ ही देर में भीषण रूप ले लिया। हादसे में 6 लोगों की मौत हो गयी है, वहीं कुछ लोग गंभीर रूप से घायल हैं। सूचना पर फायर ब्रिगेड की 13 गाड़ियां मौके पर पहुंची और रेस्क्यू कार्य शुरू किया। गंभीर झुलसे और घायल लोगों को अस्पताल पहुंचाया गया।
बीएमसी से प्राप्त जानकारी के अनुसार आग सेंट्रल मुंबई के ताड़देव क्षेत्र के भाटिया हॉस्पिटल के पास स्थित कमला सोसायटी नाम की 20 मंजिला रिहायशी इमारत में लगी थी। आग इमारत की 18वीं मंजिल पर लगी थी। रेस्क्यू कार्य प्रारंभ करने तक आग ने विकराल रूप धारण कर लिया था। हादसे में 6 लोगों की मौत हो गयी है, जबकि कुछ गंभीर रूप से घायल हुए हैं।

