प्राईवेट कॉलेज एसोसिएशन अध्यक्ष बोले – उन्होंने हमारे खिलाफ झूठे आरोप में एफआईआर करवाई, अब हम उनके खिलाफ मामला दर्ज करवाएंगे
उदयपुर,(एआर लाइव न्यूज)। सुखाडिय़ा विश्वविद्यालय के रजिस्ट्रार सीआर देवासी और वित्त नियंत्रक दलपतसिंह के साथ कुछ निजी कॉलेज संचालकों द्वारा सोमवार को विश्वविद्यालय परिसर में हुई धक्का-मुक्की और अभद्रता का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। इस घटना के विरोध में आरएएस एसोसिएशन से जुड़े आरएएस अधिकारियों ने मंगलवार शाम कलेक्टर ताराचंद मीणा को ज्ञापन सौंपा। एबीवीपी से जुड़े छात्रों ने भी देवासी के पक्ष में मंगलवार को कॉलेज परिसर में प्रदर्शन कर कॉलेज बंद करवा दिए।
वित्त नियंत्रक दलपत सिंह ने निजी कॉलेज संचालकों के खिलाफ एफआईआर दर्ज करवाई तो आज प्राईवेट कॉलेज एसोसिएशन की ओर से कॉलेज संचालक अपना पक्ष रखने आगे आए। प्राईवेट कॉलेज एसोसिएशन अध्यक्ष वसीम खान ने रजिस्ट्रार सीआर देवासी और वित्त नियंत्रक दलपत सिंह द्वारा लगाए गए आरोपों को झूठा बताया। वसीम खान ने कहा कि उन्होंने हमारे खिलाफ झूठे आरोपों में मामला दर्ज करवाया है, अब हम उनके खिलाफ एसोसिएशन की महिला पदाधिकारियों के साथ अभद्रता करने की एफआईआर दर्ज करवाएंगे।
आरएएस अधिकारियों ने घटना के विरोध में कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा
घटना के विरोध में कलेक्टर को ज्ञापन देने पहुंचे आरएएस एसोसिएशन के प्रतिनिधिमंडल में सुखाडिय़ा विश्वविद्यालय के रजिस्ट्रार सीआर देवासी और वित्त नियंत्रक दलपतसिंह के साथ एडीएम प्रशासन ओपी बुनकर, एसीईओ स्मार्ट सिटी प्रदीपसिंह सांगावत, डीएसओ गितेशश्री मालवीय सहित अन्य अधिकारी कलेक्ट्री पहुंचे। सभी आरएएस अधिकारियों ने इस घटना को दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए दोषियों के खिलाफ सख्त कारवाई की मांग की।
प्रतिनिधिमंडल ने कलेक्टर को बताया कि इस मामले में प्रतापनगर थाने में वित्त नियंत्रक दलपतसिंह द्वारा निजी कॉलेज से जुड़े पंकज चौधरी, वसीम खान, हिम्मत बया, चिराग चौधरी और कुशलेश चौधरी के खिलाफ राजकार्य में बाधा का मामला दर्ज करवाया है।
कुलपति दबाव की राजनीति के रूप में यूनिवर्सिटी चलाना चाहते हैं : कटारिया
विधानसभा के नेता प्रतिपक्ष गुलाबचंद कटारिया ने भी आरएएस देवासी के साथ हुई घटना को अफसोस जनक बताया है। उन्होंने कुलपति अमेरिका सिंह को जिम्मेदार बताते हुए कहा कि कुलपति की हठधर्मिता के खिलाफ कोई आवाज नहीं उठाए, इसलिए यह षडय़ंत्र हुआ है। कुलपति यह तर्क देकर बच नहीं सकते हैं कि मेरे सामने कुछ नहीं हुआ। कुलपति दबाव की राजनीति के रूप में यूनिवर्सिटी चलाना चाहते हैं।
छह माह से रजिस्ट्रार प्राईवेट कॉलेज संचालकों को परेशान कर रहे हैं
उदयपुर संभाग प्राईवेट कॉलेज एसोसिएशन अध्यक्ष वसीम खान ने ने पत्रकार वार्ता में बताया कि पिछले छह महीने से रजिस्ट्रार द्वारा प्राईवेट कॉलेज संचालकों को संबंद्धता के लिए परेशान किया जा रहा है। प्राइवेट कॉलेज से जीएसटी लेने या नहीं लेने के मुद्दे पर चर्चा कर समाधान निकालने के लिए 17 जनवरी को यूनिवर्सिटी परिसर के गेस्ट हाउस ग्राउंड में मीटिंग बुलाई गयी। प्राईवेट कॉलेज एसोसिएशन से जुड़े करीब 50 से 60 लोग मीटिंग में पहुंचे, लेकिन कुलपति अमेरिका सिंह नहीं आए थे। रजिस्ट्रार सीआर देवासी और वित्त नियंत्रक आ गए थे।
वसीम खान ने बताया कि मीटिंग के लिए कुलपति का काफी देर इंतजार किया। इस बारे में जब एसोसिएशन पदाधिकारियों ने रजिस्ट्रार और वित्त नियंत्रक से पूछा तो वे अभद्रता से बात करने लगे। उन्होंने हमारी महिला पदाधिकारियों से भी अभद्रता से बात की।

