अंबामाता थाने के पांच पुलिस कर्मी भी कोरोना की चपेट में आए
उदयपुर(एआर लाइव न्यूज)। उदयपुर में कोरोना संक्रमण बढ़ता जा रहा हैं। सोमवार को राजसमंद विधायक दीप्ति माहेश्वरी सहित कुल 324 लोग कोरोना संक्रमित हुए हैं।
दिवंगत विधायक किरण माहेश्वरी की बेटी दीप्ति माहेश्वरी ने सोमवार सुबह सोशल मीडिया पर इसकी सूचना दी। दीप्ति ने इन दिनों उनके संपर्क में आए कार्यकर्ताओं, आमजन से भी कोरोना जांच करने की अपील की हैं। दीप्ति माहेश्वरी अभी उदयपुर स्थित आवास पर होम आइसोलेशन में हैं। इधर शहर के अंबामाता थाने में एक सब इंस्पेक्टर सहित पांच पुलिस कर्मी भी कोरोना संक्रमित हुए हैं।
2587 लोगों की कोरोना जांच, 324 कोरोना संक्रमित
सीएमएचओ डॉ.दिनेश खराड़ी ने बताया कि 2587 लोगों की कोरोना जांच की गई उनमें से कुल 324 लोग कोरोना संक्रमित हुए हैं। इनमें 266 शहरी जबकि 58 लोग जिले के ग्रामीण क्षेत्रों के हैं। शहर में 190 और ग्रामीण में 34 केस नए हैं। जिले में कुल 1139 लोग होम आइसोलेशन में हैं।
प्रीकॉशन डोज लगाने की हुई शुरूआत
बूस्टर डोज के रूप में फ्रंट लाइन वर्कर्स, स्वास्थ्यकर्मियों और 60 साल या इससेे अधिक उम्र के लोगों को प्रीकॉशन डोज लगाने का अभियान जिले में सोमवार को शुरू हो गया। सीएमएचओ डॉ.दिनेश खराड़ी ने बताया कि जिला परिषद सभागार में कलेक्टर चेतन देवड़ा ने टीके की तीसरी डोज लगवाकर अभियान की शुरूआत की। एडीएम ओपी बुनकर, अशोक कुमार,अतिरिक्त सीएमएचओ डॉ.रागिनी अग्रवाल, डॉ.अशोक आदित्य, डब्ल्यूएचओ से डॉ.अक्षय व्यास सहित चिकित्सा विभाग एवं प्रशासन के कई अधिकारियों, कर्मचारियों ने टीका लगावाया।

