उदयपुर,(एआर लाइव न्यूज)। नारायण सेवा संस्थान के बड़ी स्थित हॉस्टल में रह रहे 6 बच्चे कोरोना संक्रमित पाए गए हैं। सभी बच्चों में मामूली लक्षण हैं। चिकित्सा विभाग ने सभी बच्चों को अलग से आईसोलेट कर दिया है।
इधर उदयपुर जिले में आज शनिवार को 225 लोगों के कोरोना संक्रमित होने की पुष्टि हुई है। इससे जिले में संक्रमण दर बढ़कर 9.5 प्रतिशत पर पहुंच गयी है। जिले में एक्टिव केस की संख्या 548 हो गयी है। सीएमएचओ डॉक्टर दिनेश खराड़ी के अनुसार नारायण सेवा संस्थान के बड़ी स्थित हॉस्टल में रह रहे 14 बच्चों की कोरोना जांच की थी, इसमें से 6 बच्चों की रिपोर्ट पॉजिटिव आयी है। ऐसे में अलर्ट हुई मेडिकल टीम अब वहां रह रहे सभी बच्चों की कोरोना जांच के लिए सैंपल ले रही है।
उदयपुर के शहरी क्षेत्र में आज 167 और ग्रामीण क्षेत्र में 58 कोरोना संक्रमित मिले हैं। इसमें कुल 40 कोरोना वॉरियर्स हैं, वहीं क्लोज कॉन्टेक्ट के कारण 35 लोग संक्रमित हुए हैं, 11 प्रवासी हैं और 139 नए संक्रमित मिले हैं।

