जयपुर,(एआर लाइव न्यूज)। राजस्थान में कई लोगों के चहेते और भ्रष्टाचारियों के नाक में दम करने वाले आईपीएस एडीजी दिनेश एमएन सहित देश के 23 आईपीएस को केन्द्र में डेपुटेशन पर लगाया गया है। देश के गृह मंत्रालय के अंतर्गत आने वाली अपॉइंटमेंट कमेटी ऑफ कैबिनेट ने 23 आईपीएस की सूची जारी की है। इन 23 आईपीएस को केन्द्र सरकार के विभिन्न विभागों में आईजी और आईजी के बराबर दर्जे की पोस्ट दी जाएगी।
खासबात है कि इस सूचि में दिनेश एमएन के साथ सोहराबुद्दीन-तुलसीन एनकाउंटर केस में डिस्चार्ज हो चुके गुजरात के आईपीएस विपुल अग्रवाल भी हैं। सोहराबुद्दीन-तुलसी एनकाउंटर केस के चलते दिनेश एमएन देश के गृहमंत्री अमित शाह के भरोसेमंद माने जाते हैं। ऐसे में इस केस से जुड़े दो आईपीएस का केन्द्र में डेपुटेशन पर जाना इनके लिए कितना कारगर साबित होगा, यह इन्हें भविष्य में मिलने वाली पोस्टिंग पर निर्भर करेगा।
एडीजी दिनेश एमएन के अलावा राजस्थान से आईपीएस जोस मोहन को भी केन्द्र में डेपुटेशन पर लगाया गया है।
दिनेश एमएन अभी राज्य में एडीजी
आईपीएस दिनेश एमएन वर्तमान में राजस्थान के एसीबी में अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक (एडीजी) हैं। केन्द्र सरकार दिनेश एमएन सहित इन 23 आईपीएस को सीबीआई, आईबी, रॉ जैसे केन्द्र सरकार के अधीन आने वाले विभागों में आईजी या आईजी के बराबर की पोस्ट पर पोस्टिंग देगी।

