जम्मू,(एआर लाइव न्यूज)। जम्मू-कश्मीर के कटरा स्थित वैष्णो देवी मंदिर परिसर में रात करीब ढाई बजे मची भगदड़ में 12 श्रद्धालुओं की मौत हो गयी है, वहीं 15 लोग घायल हुए हैं। हताहतों की संख्या बढ़ने की आशंका है। भगदड़ मंदिर परिसर में गेट नंबर 3 के पास मची, जहां दर्शन करने जाने वाले और दर्शन करने वापस आने वाले लोगों की बड़ी संख्या में भीड़ जमा थी।
जम्मू-कश्मीर के डीजीपी दिलबाग सिंह ने बताया कि कटरा के माता वैष्णो देवी भवन में मची भगदड़ में 12 लोगों की मौत हो गई है और 13 घायल हैं। घटना लगभग 2.45 बजे हुई। दर्शन करने पहुंचे श्रद्धालुओं के दो गुटों में किसी बात पर कहासुनी और धक्का-मुक्की हुई और इसी के बाद वहां भगदड़ मच गयी। चीख-पुकारों के बीच लोगों ने एक-दूसरे को धक्का दिया और लोग दूसरों को कुचलते हुए भागने लगे।
सरकार ने दिए उच्च स्तरीय जांच के आदेश
हादसे को लेकर श्राइन बोर्ड ने बयान जारी किया है। इस बयान में कहा गया है किए रात करीब ढाई बजे वैष्णो देवी भवन के गेट नंबर तीन के पास भगदड़ मची। श्राइन बोर्ड के अधिकारियों, पुलिस और जिला प्रशासन द्वारा तुरंत राहत कार्य शुरू किया गया।
श्राइन बोर्ड ने अपने बयान में कहा किए हादसे में 12 श्रद्धालुओं की मौत हुई और 15 श्रद्धालु घायल हो गए हैं। सरकार ने तीन सदस्यों की टीम को उच्च स्तरीय जांच के आदेश दिए हैं, जिसकी अध्यक्षता प्रिंसिपल सेक्रेटरी होम करेंगे और उनके अलावा एडीजीपी जम्मू जोन और डिविजनल कमिश्नर जम्मू इसके सदस्य होंगे।
मृतकों के परिजनों को 10 लाख रूपए आर्थिक सहायता दी जाएगी
केंद्रीय मंत्री जीतेंद्र सिंह ने ट्विट कर बताया कि वे कटरा के लिए रवाना हो चुके हैं। प्रधानमंत्री लगातार हालात पर नजर बनाए हुए हैं और घायलों को सभी संभव मदद पहुंचाने के निर्देश दे दिए हैं।
जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल ने भी माता वैष्णो देवी पर हुई भगदड़ को लेकर शोक व्यक्त किया है। उन्होंने बताया कि मैंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी से बात की है। प्रधानमंत्री ने हर तरह की मदद का आश्वासन दिया है। सभी मृतकों के परिजनों को 10 लाख का मुआवजा और सभी घायलों को दो-दो लाख रुपये दिए जाएंगे। घायलों के इलाज का खर्च श्राइन बोर्ड वहन करेगा।

