उदयपुर,(एआर लाइव न्यूज़)। नए साल के पहले सप्ताह में मेवाड़ सहित राजस्थान के कई क्षेत्रों में बारिश हो सकती हैं। पिछले दो दिनों में उदयपुर संभाग के साथ ही प्रदेश के कई जिलों में बारिश हो चुकी हैं।
भारतीय मौसम विभाग द्वारा बुधवार शाम जारी अनुमान अनुसार पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने से आगामी 5 से 7 जनवरी में के बीच उत्तरी राजस्थान, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ और दिल्ली, और पश्चिम उत्तर प्रदेश में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती हैं। मौसम विभाग के अलर्ट अनुसार आगामी 6 और 7 जनवरी को मध्य प्रदेश, दक्षिण राजस्थान (मेवाड़ के जिले ) और गुजरात में भी हल्की बारिश की संभावना है।
नए साल में सर्दी दिखा सकती अपना नया रूप :
मौसम विभाग के इस अनुमान अनुसार बारिश होने पर मेवाड़ में नए साल की शुरुआत में ही सर्दी भी अपना नया रूप दिखा सकती हैं। दो दिनों में हुई बारिश से उदयपुर सहित प्रदेश में कई जगह न्यूनतम तापमान में कमी आई हैं। उदयपुर में बुधवार को न्यूनतम तापमान 11.2 डिग्री सेल्सियस रहा। मंगलवार को न्यूनतम तापमान 12.4 डिग्री जबकि सोमवार को 13.4 डिग्री रहा था। रात का तापमान लगातार गिरने से ठंड का असर भी बढ़ गया हैं।
यहां बर्फबारी और भारी बारिश की संभावना
भारतीय मौसम विभाग द्वारा जारी अनुमान अनुसार 1 से 3 जनवरी के बीच जम्मू-कश्मीर-लद्दाख-गिलगित बाल्टिस्तान मुजफ्फराबाद और हिमाचल प्रदेश में छिटपुट वर्षा और बर्फबारी हो सकती हैं। साथ ही जम्मू और कश्मीर और हिमाचल प्रदेश में 5 और 6 जनवरी को भारी बारिश की संभावना है।

