Site iconSite icon AR Live News

जिला परिषद उप चुनाव : भाजपा को झटका,कांग्रेस पहले से ज्यादा वोट से जीती

वल्लभनगर में जमानत जब्त होने के बावजूद नहीं संभले भाजपा नेता

उदयपुर(एआर लाइव न्यूज)।जिला परिषद के वार्ड नंबर 1 में हुए उप चुनाव में कांग्रेस प्रत्याशी नरपतसिंह ने भाजपा के बालूसिंह को 2128 वोट से हराया। झल्लारा में पंचायत समिति सदस्य के उप चुनाव में भाजपा के होमाराम विजयी रहें।

जिला परिषद सदस्य के लिए उप चुनाव में गुरुवार को आए परिणाम में कांग्रेस के नरपतसिंह को 14196 वोट मिले जबकि भाजपा के बालूसिंह को 12068 वोट मिले। यहां 755 मतदाताओं ने दोनो प्रत्याशियों को नकारते हुए नोटा का बटन दबाया। खास बात यह कही जा सकती हैं कि दिसंबर 2020 मेंं हुए जिला परिषद सदस्य चुनाव में कांग्रेस ने सायरा क्षेत्र की यह सीट 592 वोट से जीती थी, जबकि उप चुनाव में इसी सीट पर कांग्रेस 2128 वोट से विजयी रही। उस समय कांग्रेेस प्रत्याशी गौरव श्रीमाली को 139612 वोट मिले थे जबकि भाजपा के मुकुल मेहता को 13370 वोट मिले थे। गौरव श्रीमाली का निधन होने से उप चुनाव हुए।

कांग्रेस ताकत से लड़ी , भाजपा नेताओं ने खानापूर्ति की :

इस उप चुनाव में कांग्रेस के निवर्तमान देहात जिलाध्यक्ष लालसिंह झाला के नेतृत्व में पार्टी पूरी ताकत से लड़ी, जबकि कांग्रेस को पता था कि इस उप चुनाव में हार जीत से जिला परिषद बोर्ड में कोई उथल पुथल होने वाली नहीं हैं। क्योंकि भाजपा के पास पहले की पूर्ण बहुमत हैं। दूसरी तरफ भाजपा नेताओं ने वल्लभनगर विधानसभा उप चुनाव में भाजपा प्रत्याशी की जमानत जब्त होने के बावजूद इस उप चुनाव को भी खानापूर्ति के रूप में लिया। जबकि वल्लभनगर में जमानत जब्त होने के बाद हार के दर्द को कम करने का यह भाजपा नेताओं के लिए अच्छा मौका था।

पंचायत समिति सदस्य : झल्लारा में होमाराम 431 वोट से विजयी हुए
उप चुनाव में झल्लारा में पंचायत समिति सदस्य के लिए वार्ड नंबर 2 में हुए उप चुनाव में भाजपा के होमाराम ने कांग्रेस के रमेश कुमार मीणा को 431 वोट से हराया। होमाराम को 1461 वोट मिले जबकि कांग्रेस प्रत्याशी को 1030 वोट मिले। निर्दलीय नाथू को 372 वोट मिले जबकि 45 मतदाताओं ने नोटा का बटन दबाया।

Exit mobile version