Site iconSite icon AR Live News

कटारिया समर्थकों का प्रदर्शन, पुलिस के साथ धक्का-मुक्की

कार्यक्रम में आमंत्रित नहीं करने से नाराज हैं शहर विधायक गुलाबचंद कटारिया

उदयपुर(एआर लाइव न्यूज)। प्रभारी मंत्री रामलाल जाट की मौजूदगी में मंगलवार को हुए शिलान्यास-लोकार्पण कार्यक्रम में शहर विधायक गुलाबचंद कटारिया को नहीं बुलाने से माहौल गरमा गया। गहलोत सरकार के तीन साल पूरे होने पर प्रशासन ने यह कार्यक्रम रखा था।

कार्यक्रम में आमंत्रित नहीं करने पर पहले तो कटारिया ने बयान जारी कर विरोध दर्ज करवाया। उसके बाद भाजपा शहर जिला ने भी विरोध प्रदर्शन का एलान कर दिया। शहर जिला अध्यक्ष रवींद्र श्रीमाली के नेतृत्व में भाजपा कार्यकर्ताओं ने कलेक्ट्री बाहर प्रदर्शन किया। बात यही खत्म नहीं हुई, सभी कार्यकर्ता कलेक्ट्री से सीधे आरएनटी मेडिकल कॉलेज पहुंचे जहां प्रभारी मंत्री सभागार में शिलान्यास-लोकार्पण कर रहे थे।

सभागार में घुसने का प्रयास भी किया

भाजपा कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया और सभागार में घुसने का प्रयास भी किया। इस पर पुलिस ने मोर्चा संभाल कर प्रदर्शनकारियों को चैनल गेट के बाहर ही रोक लिया। यहां बात इतनी बढ़ गई कि पुलिस और भाजपा कार्यकर्ताओं के बीच धक्का मुक्की तक हो गई। हालांकि इस विरोध प्रदर्शन के बावजूद प्रभारी मंत्री के कार्यक्रम पर कोई असर नहीं पड़ा। उन्होंने सभागार में सभी शिलान्यास-लोकार्पण कर गहलोत सरकार की उपलब्धियां गिनाई।

Exit mobile version