उदयपुर,(एआर लाइव न्यूज)। गहलोत सरकार की नीतियों के विरोध में गुरुवार को हुई भाजपा की जन आक्रोश रैली में अचानक कलेक्टर चेतन देवड़ा भी विधानसभा नेता प्रतिपक्ष एवं शहर विधायक गुलाबचंद कटारिया के निशाने पर आ गए।
गुलाबचंद कटारिया ने कलेक्ट्री के बाहर जब रैली को संबोधित किया तो सरकार की आलोचना करते-करते उन्होंने यूआईटी और कलेक्टर (यूआईटी चेयरमैन) चेतन देवड़ा पर ही हल्ला बोल दिया। कटारिया ने कहा कि भ्रष्टाचार के हाल यह हैं कि सारे दफ्तरों में लूटखोरी का धंधा बन गया हैं। आज आपकी इस यूआईटी को ही देख लें, तो शर्म आती है कि किस प्रकार लूटखोरी हो रही है। कटारिया यहीं नहीं रूके, उन्होंने ललकारते हुए कहा कि कलेक्टर स्वयं वहां(यूआईटी) बैठते हैं। इनकी नाक के नीचे जिस प्रकार से पैसे के लेन-देन होकर जमीनों का काम हो रहा है, वह इनको दिखता नहीं है क्या?
यह भी बोले कटारिया
कटारिया ने कहा कि यह कमाल है कि मुख्यमंत्री अपने बजट में उन कार्यो की घोषणा कर वाहवाही लूट रहे हैं, जो यूआईटी के पैसे से हो रहे हैं। प्रदेश में महिला अत्याचार बढ़ रहा है, पेट्रोल गुजरात से भी महंगा राजस्थान में है। अशोक गहलोत और सचिन पायलट के झगड़े में हमारा काम सफर कर रहा है। यह आक्रोश रैली तो एक शुरूआत है, जरूरत पड़ी तो इसको आगे बढ़ाएंगे।
रैली में पूर्व विधानसभा अध्यक्ष शांतिलाल चपलोत, शहर जिलाध्यक्ष रवींद्र श्रीमाली और पूर्व जिलाध्यक्ष दिनेश भट्ट सहित कई नेता मौजूद थे। कलेक्ट्री बाहर प्रदर्शन से पहले भाजपा कार्यकर्ता अपने अपने मंडल से वाहन रैली के रूप में टाउनहाल पहुंचे। यहां से सभी एक साथ रैली के रूप में कलेक्ट्री बाहर पहुंचे।

