उदयपुर,(एआर लाइव न्यूज)। उदयपुर में सर्दी ने तेवर दिखाना शुरू कर दिया हैं। न्यूनतम तापमान गिरकर 8.5 डिग्री सेल्सियस पर पहुंचने से बीती रात इस सीजन की सबसे ठंडी रात रही। मौसम विभाग के अनुसार शनिवार को उदयपुर का न्यूनतम तापमान 8.5 डिग्री रहा। इस सीजन में रात का पारा पहली बार इस स्तर पर आया हैं।
7 दिसंबर से लेकर अब तक न्यूनतम तापमान में 6.1 डिग्री की कमी आई हैं। 7 दिसंबर को उदयपुर का न्यूनतम तापमान 14.6 डिग्री रहा था। ठंड का असर तेज होने का शाम होते होते शहर की सड़कों और प्रमुख पर्यटन स्थलों पर भी असर नजर आने लगा हैं।
ऐसे गिर रहा रात का तापमान
- 7 दिसंबर : 14.6 सेल्सियस
- 8 दिसंबर : 9.9
- 9 दिसंबर : 9.6
- 10 दिसंबर : 9.0
- 11 दिसंबर : 8.5
विशेषज्ञों ने बताया पड़ सकता है पाला
एमपीयूएटी के कृषि अनुसंधान केन्द्र के कृषि विशेषज्ञों ने उदयपुर जिले में आने वाले दिनों में तापमान के गिरावट के साथ पाला पड़ने की आशंका भी जताई है। किसानों को सलाह दी गयी है कि फसल में सिंचाई करें और शाम के समय खेत के चारों तरफ धुआं करें या 0 1 प्रतिशत गंधक-अम्ल का छिड़काव करें। जहां गेहूं की फसल 21 दिन की हो गयी हो, वहां प्रथम सिंचाई करें।

