जोधपुर,(एआर लाइव न्यूज)। तकनीकी शिक्षा व जन अभियोग निराकरण विभाग (स्वतंत्र प्रभार) के मंत्री डॉ.सुभाष गर्ग ने कहा हैं कि संपर्क पोर्टल पर झूठी और बेनामी शिकायतों पर अंकुश लगाने अब शिकायतकर्ता का आधार नंबर भी अनिवार्य रूप से लिया जाएगा। जल्द ही राजस्थान में यह व्यवस्था लागू कर दी जाएगी।
प्रभारी मंत्री के रूप में जोधपुर दौरे पर आए डॉ.सुभाष गर्ग ने मंगलवार को सर्किट हाउस में पत्रकारों से बातचीत में यह जानकारी दी। गर्ग ने कहा कि लोक शिकायत से जुड़ा महत्वपूर्ण विभाग उन्ही के पास हैं। ऐसे में प्रयास रहेगा कि संपर्क पोर्टल पर आने वाली प्रत्येक शिकायत का समय पर निस्तारण हो।
हम ऐसा सिस्टम भी तैयार कर रहे हैं कि झूठी और बेनामी शिकायतों पर अंकुश लग सके। इसके लिए संपर्क पोर्टल पर शिकायत दर्ज करवाने के समय ही शिकायतकर्ता का आधार नंबर अनिवार्य रूप से मांगा जाएगा। इसके लिए फॉर्मेट तैयार करने के अधिकारियों को निर्देश दे दिए हैं।
डॉ.सुभाष गर्ग ने कहा कि संपर्क पोर्टल अच्छी व्यवस्था हैं, लेकिन कई बार झूठी और बेनामी शिकायतों के कारण बेवजह समय खराब होता हैं और जो लोग वाजिब शिकायत करते हैं उनकी शिकायत का समय पर निस्तारण नहीं हो पाता है।
उन्होंने कहा कि कई लोग ऐसे काम की शिकायत भी संपर्क पोर्टल पर डाल देते हैं जो काम हो ही नहीं सकता। हमारा फोकस रहेगा कि ऐसी शिकायत को तत्काल रिजेक्ट कर दे हालांकि शिकायतकर्ता को बूरा जरूर लगेगा। वाजिब शिकायत का समय पर निस्तारण नहीं होने पर जिम्मेदार अधिकारी के खिलाफ हम कारवाई भी करेंगे। जोधपुर पहुंचे गर्ग ने महंगाई के विरोध में जयपुर में होने वाली कांग्रेस की राष्ट्र स्तरीय रैली की तैयारियों को लेकर कार्यकर्ताओं की बैठक भी ली।

