राष्ट्रीय स्तरीय रैंकिग में 15वां स्थान प्राप्त किया
उदयपुर,(एआर लाइव न्यूज़)। भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद् (ICAR) द्वारा भारत में 74 कृषि विश्वविद्यालयों, पशु चिकित्सा विश्वविद्यालयों एवं राष्ट्रीय स्तर के केंद्रीय कृषि संस्थानों की हाल ही में राष्ट्रीय स्तर की वरीयता सूची जारी की गई। इसमें उदयपुर के महाराणा प्रताप कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय (MPUAT) को प्रदेश के कृषि एवं पशु चिकित्सा विश्वविद्यालयों में प्रथम स्थान एवं राष्ट्रीय स्तर के कृषि संस्थानों में 15वां स्थान प्राप्त किया है।
एमपीयूएटी के कुलपति डॉ. नरेंद्र सिंह राठौड़ ने इसे विश्वविद्यालय की इस बड़ी उपलब्धि पर सभी इकाइयों में सेवारत वैज्ञानिकों, शिक्षकों, प्रशासनिक अधिकारियों, शैक्षणेत्तर कर्मचारियां एवं विद्यार्थियों की मेहनत का परिणाम बताया है। गत वर्ष भी एमपीयूएटी प्रदेश में प्रथम स्थान पर रहा था। इस वर्ष एमपीयूएटी ने अपनी रेंकिंग में 26वें से सुधार कर 15वां स्थान प्राप्त किया है।
राठौड़ ने बताया कि इससे हमारी अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर पहचान बनेगी और अनेक राष्ट्रीय एवं अन्तर्राष्ट्रीय शोध परियोजनाओं की स्वीकृति और आई.सी.ए.आर. से मिलने वाली आर्थिक सहायता में एमपीयूएटी को प्राथमिकता मिलेगी।
विश्वविद्यालय के विशेषाधिकारी डा. वीरेंद्र नेपालिया एवं नोड़ल अधिकारी ड़ॉ. पी. के सिंह, डीन सीटीऐई ने बताया कि विगत एक वर्ष में विश्वविद्यालय में शिक्षा, अनुसंधान एवं प्रसार शिक्षा मे किये गऐ प्रसंशनीय कार्यों के साथ ही अन्य राष्ट्रीय एवं अन्तर्राष्ट्रीय शैक्षणिक संस्थाओं के साथ अनुबंध, उत्कृष्ठ शोध प्रकाशनों सहित अनेक मानकों के आधार पर यह रेंकिंग प्रदान की गई है।

