Site iconSite icon AR Live News

क्लास रूम की छत का प्लास्टर गिरा, 13 बच्चे बाल-बाल बचे

ceiling plaster falls in class room in udaipurceiling plaster falls in class room in udaipur

उदयपुर,(एआर लाइव न्यूज)। उदयपुर शहर से करीब दस किलोमीटर दूर लखावली पंचायत के राजकीय प्राथमिक विद्यालय हुंदरियों की नोहरा स्कूल में बुधवार सुबह अचानक क्लास रूम की छत का प्लास्टर गिर गया। उस समय इस क्लास रूम में 13 बच्चे पढ़ाई कर रहे थे लेकिन संयोग यह रहा कि सभी बच्चे और क्लास टीचर बाल-बाल बच गए।

यह घटना सुबह करीब पौने 11 बजे तब हुई जब चौथी और पांचवीं क्लास के 13 बच्चे (छात्र और छात्राएं) एक साथ क्लास रूप में पढ़ाई कर रहें थे। अचानक ब्लैक बोर्ड के पास टेबल पर छत से प्लास्टर गिरने लगा तो सभी घबराकर बाहर भागे। यहां छत का प्लास्टर कमजोर होने से बच्चों को कई दिनों से ब्लैक बोर्ड से काफी दूरी बनाकर ही बैठाया जा रहा था, उस कारण बच्चों पर प्लास्टर नहीं गिरा, लेकिन बच्चें सहम जरूर गए।

इस स्कूल में दूसरे कमरों के भी यही हाल हैं इस कारण कुछ बच्चों को बाहर खुले मैदान में पढ़ाया जा रहा हैं। हाल ही में लगातार तीन दिन रूक रूक कर बारिश होने से प्लास्टर गिरने की समस्या बढ़ गई हैं।

कलेक्टर और पंचायत को लिखकर दे चुके, कोई ध्यान नहीं दे रहा

ग्रामीणों ने बताया कि स्कूल में प्लास्टर गिरने की घटना पहले भी हो चुकी हैं। इस स्कूल में तीन क्लास रूम में से दो की छत कमजोर हो चुकी हैं। छत की मरम्मत के लिए स्कूल की तरफ से 15 जुलाई 2019 को जिला कलेक्टर को लिखित मेंं दिया, लेकिन अभी तक न तो प्रशासन इस तरफ ध्यान दे पाया न शिक्षा विभाग। पंचायत समिति बडग़ांव मुख्यालय से यह स्कूल मात्र साढ़े छह किलोमीटर दूर है, लेकिन यहां के अधिकारी और जनप्रतिनिधि भी बच्चों की सूरक्षा की अनदेखी कर रहे हैं।

इसी मामले में 16 जुलाई 2020 को ग्राम पंचायत लखावली को भी लिखित में समस्या बताई उसके बावजूद पंचायत भी अभी तक इस तरफ ध्यान नहीं दे पायी हैं। पंचायत को इससे पहले भी दो बार लिखित में इस समस्या की तरफ ध्यान दिलाया जा चुका हैं।

Exit mobile version