सांवलिया जी से किया देवदर्शन यात्रा का आगाज
उदयपुर,(एआर लाइव न्यूज)। पूर्व मुख्यमंत्री एवं भाजपा की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष वसुंधरा राजे ने मंगलवार को मेवाड़ के सांवलिया धाम से अपनी देेवदर्शन यात्रा का श्रीगणेश किया। खास बात यह हैं कि वसुंधरा समर्थक प्रदेश के कई बड़े नेता तो उनकी इस यात्रा में साथ दिख रहे, लेकिन मेवाड़ के अधिकांश बड़े नेता वसुंधरा की इस यात्रा से दूरी बनाए हुए नजर आ रहे हैं।
वसुंधरा राजे मंगलवार सुबह हेलिकॉप्टर से चित्तौड़ के सांवलिया जी पहुंची। हेलीपेड पर भाजपा नेताओं ने वसुंधरा का स्वागत किया। उसके बाद वे सीधे सांवलिया जी मंदिर दर्शन करने पहुंची। सांवलिया सेठ के दर्शन कर वसुंधरा राजे सीधे सभा स्थल पहुंची। सभा को संबोधित कर वे लसाडिय़ा पहुंंची और भाजपा के दिवंगत विधायक गौतमलाल मीणा के घर जाकर परिजनों से
मिली। मीणा का पिछले दिनों कोरोना संक्रमण से निधन हो गया था।
देव दर्शन यात्रा के पहले दिन वसुंधरा मंगलवार शाम को बांसवाड़ा में त्रिपुरा सुंदरी के दर्शन कर रात्रि विश्राम त्रिपुरा सुंदरी मंदिर गेस्ट हाउस में करेगी। वसुंधरा राजे की देव दर्शन यात्रा का पहला चरण 26 नवंबर को पूरा होगा।
वसुंधरा की सक्रियता से भाजपा में अंदर ही अंदर हलचल तेज
वसुंधरा राजे की इस यात्रा को भले ही उनकी निजी यात्रा बताया जा रहा हैं, लेकिन कहीं न कहीं उनकी देव दर्शन यात्रा को 2023 के विधानसभा चुनाव की तैयारी के रूप में देखा जा सकता हैं। वसुंधरा के अचानक सक्रिय होने से भाजपा के दूसरे धड़े के नेताओं में अंदर ही अंदर हलचल भी मची हुई हैं और कई बड़े नेता दूर से ही इस यात्रा पर पूरी नजरें रखे हुए हैं।
फिलहाल पूर्व मंत्री यूनूस खान, राजपालसिंह शेखावत, श्रीचंद कृपलानी, भवानी सिंह राजावत, जयपुर के पूर्व महापौर अशोक लाहौटी, उदयपुर के पूर्व उपमहापौर महेंद्र सिंह शेखावत सहित अधिकांश वे नेता वसुंधरा राजे की इस यात्रा को सफल बनाने में लगे नजर आ रहे हैं, जो या तो वसुंधरा सरकार में मंत्री थे या फिर वसुंधरा समर्थक विधायकों में जिनका नाम था।

