Site iconSite icon AR Live News

स्कूटी सहित नदी में गिरने से मौसेरी बहनों की मौतः दुल्हन का मैकअप करने जा रही थी दोनों

two cousin sisters drown in gomti river after scooty accident sarada udaipurtwo cousin sisters drown in gomti river after scooty accident sarada udaipur

उदयपुर,(एआर लाइव न्यूज)। सराड़ा थाना क्षेत्र के बाणा गांव में सोमवार सुबह दो मौसेरी बहनों की स्कूटी गोमती नदी की पुलिया पर अनियंत्रित होकर नदी में गिर गयी। दोनों मौसेरी बहनों की नदी में डूबने से मौत हो गयी है। दोनों ब्यूटी पार्लर का काम करती थीं और सोमवार को बाणा गांव में हो रहे एक विवाह समारोह में दुल्हन का मैकअप करने जा रही थीं।

थानेदार अनिल विश्नोई ने बताया कि हादसे में सराड़ा के बड़गांव निवासी यशोदा (35) पत्नी परसराम और रेखा (35) पत्नी मनोज जोशी की नदी में डूबने से मौत हुई है। दोनों मौसेरी बहनें ब्यूटी पार्लर का काम करती हैं। बाणा गांव के एक घर में शादी समारोह है, यहां दुल्हन का मैकअप करने ये दोनों बहनें स्कूटी से बड़गांव से बाणा गांव जा रही थीं।

गोमती पुलिया पार करते समय हुआ हादसा

बड़गांव से बाणा जाने के रास्ते में गोमती नदी पुलिया है। ये पुलिया पार कर रहीं थीं, तभी गड्ढा आने से इनकी स्कूटी अनियंत्रित हो गयी और दोनों नदी में गिर गयीं। मौके पर इकट्ठे ग्रामीणों ने दोनों को बचाने का प्रयास किया, लेकिन गहराई में डूबने से बचाया नहीं जा सका।

मौके पर पहुंची रेस्क्यू टीम ने यशोदा के शव को तो नदी से बाहर निकाल लिया है, लेकिन रेखा की तलाश की जा रही है। अंदेशा है कि पानी के बहाव में रेखा का शव आगे कहीं बह गया होगा।

एसडीआरएफ, सिविल डिफेंस की टीम सहित स्थानीय गोताखोर मौके पर हैं, रेखा की तलाश कर रहे हैं। रेस्क्यू टीमों को शाम 4 बजे तक भी रेखा का शव नहीं मिला।

रेलिंग नहीं होने दोनों स्कूटी सहित नदी में गिर गयीं

ग्रामीणों ने बताया कि पुलिया क्षतिग्रस्त होने से महिलाओं की स्कूटी अनियंत्रित हुई, जबकि पुलिया पर रेलिंग नहीं होने से दोनों बहनें स्कूटी नदी में गिर गयीं। अगर पुलिया पर रेलिंग होती, तो शायद दोनों नदी में गिरने से बच जातीं।

Exit mobile version