जयपुर,(एआर लाइव न्यूज)। राजस्थान की गहलोत सरकार के मंत्रिमंडल विस्तार और पुनर्गठन को लेकर पल पल नई अटकलों का दौर चल रहा है। इसी बीच शनिवार को मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने यह कहकर कई लोगो की धड़कने तेज कर दी है कि वे (गहलोत) खुद बेसब्री से इस बात का इंतजार कर रहे हैं कि किसकी लॉटरी खुलने वाली है।
दरअसल तीनों कृषि कानूनों की वापसी के लिए किसान आंदोलन में शहीद किसानों को श्रद्धांजलि एवं उनके संघर्ष के सम्मान में शनिवार को जयपुर में ‘किसान विजय दिवस’ कार्यक्रम हुआ। गहलोत ने सम्बोधन शुरू किया उससे पहले सामने बैठे कार्यकर्ताओ ने जोर जोर से नारे लगाने शुरू कर दिये। गहलोत मुस्कराते हुए बोले कि अभी तो बहुत काम बाकी है।
अजय माकन जिस काम के लिए राजस्थान आए हैं, अभी तो वह भी होगा। गहलोत बोले कि पता नहीं क्या फैसले होंगे?। या तो हाईकमान जाने या फिर ये(माकन) जानते है। बेसब्री से इंतजार है हम सबको कि लॉटरी खुलने वाली है। यह सुनकर मंच पर बैठे नेताओं में भी हंसी फूट पड़ी।
कांग्रेस के राजस्थान प्रभारी अजय माकन ने कहा कि प्रधानमंत्री ने उपचुनाव की हार से घबराकर और अगले यूपी- पंजाब के चुनाव को देखते हुए तीनो कृषि कानून को वापस लेने का यह निर्णय लिया है।

