Site iconSite icon AR Live News

इस सर्दी की पहली बारिश ने बढ़ाई ठंड: उदयपुर शहर में 12, झाड़ोल में 28 मिमी बारिश

तीन दिन ऐसा ही रह सकता मौसम

उदयपुर,(एआर लाइव न्यूज)। उदयपुर सहित मेवाड़ में गुरुवार सुबह से शुरू हुई बारिश ने ठंड तेज कर दी है। इस सर्दी की यह पहली बारिश है। आज सुबह 8 बजे तक उदयपुर शहर में 12 मिमी., जबकि झाड़ोल में 28 मिलीमीटर बारिश हो चुकी है। बारिश का दौर अभी भी जारी है।

उदयपुर सहित मेवाड़ में कई जगह सुबह 6 बजे से ही बारिश का दौर शुरू हुआ, जो कि रुक रुक कर सुबह 11 बजे तक भी जारी है। अभी तक उदयपुर शहर में 12 मिमी(आधा इंच) जबकि झाडोल में 28 मिमी(एक इंच से अधिक) बारिश हो चुकी है। बडगांव में 3 मिमी, मावली में 5 मिमी बारिश हो चुकी है।

बारिश से खासकर विवाह समारोह से जुड़े परिवारों की चिंता बढ़ गई है। बारिश को देखते हुए विवाह स्थलों पर लोग सुबह से ही बारिश से बचाव की तैयारी में लग गए। बारिश से किसानों की चिंता भी बढ़ गई है।

21 नवम्बर से मौसम शुष्क रह सकता है

मौसम विभाग ने 18-19 नवंबर को उदयपुर, कोटा, जोधपुर, अजमेर व जयपुर संभाग के जिलों में मेघगर्जन के साथ कहीं-कहीं हल्की या मध्यम बारिश होने की संभावना जताई है। उदयपुर और कोटा संभाग के जिलों में 20 नवंबर को भी कहीं-कहीं बारिश हो सकती है। 21 नवंबर से इस सिस्टम का असर समाप्त होगा तथा मौसम मुख्यतः शुष्क रहेगा।

किसानों को भी किया सतर्क.., सर्दी की पहली बारिश का वीडियो देखें

मौसम विभाग ने बारिश की संभावना को देखते हुए किसानों को भी सतर्क किया है। ताकि कृषि मंडियों व धान मंडियों में खुले में रखे हुए अनाज व जींसों को सुरक्षित स्थान पर भंडारण कर उन्हें भीगने से बचाया जा सके। खुले आसमान में पक कर तैयार फसलों को भी ढककर अथवा सुरक्षित स्थान पर भंडारण करें । रबि की फसलों की बुवाई सिंचाई तथा किसी भी प्रकार का रासायनिक छिड़काव कुछ समय के लिए स्थगित कर दें।

Exit mobile version