उदयपुर/डूंगरपुर,(एआर लाइव न्यूज)। डूंगरपुर जिले बिच्छीवाड़ा थाना क्षेत्र में एनएच-48 पर आरा मोड़ के पास गुरूवार शाम तेज गति में आ रही कार अनियंत्रित होकर खाई में गिर गयी। हादसे में 4 लोगों की मौत हो गयी, वहीं 3 गंभीर घायल हैं। हादसे के बाद पुलिस ने परिजनों को सूचना दी है।
थानाधिकारी रणजीत सिंह ने बताया कि हादसे में उदयपुर के हिरणमगरी सेक्टर-3 निवासी सुंदरलाल जैन, लकड़वास निवासी मानाजी पुत्र दोला जी, सवा जी और देवाजी डांगी की मौत हुई है। वहीं नारायण, ललित और भंवरी देवी घायल हैं।
पुलिस ने बताया कि कार सवार उदयपुर से रवाना होकर अहमदाबाद जा रहे थे। कार की स्पीड काफी ज्यादा थी। आरा मोड़ पर कार अचानक अनियंत्रित हो गयी और पलट कर सड़क किनारे खाई में जा गिरी। हादसे में कार चालक सहित 3 लोगों की मौके पर ही मौत हो गयी, वहीं 1 ने अस्पताल में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। गंभीर घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद बिच्छीवाड़ा से डूंगरपुर जिला अस्पताल रैफर किया गया है।

