इनके ससुर गुरुशरण भी कर चुके हैं लंबो आंदोलन
जयपुर,(एआर लाइव न्यूज)। राजस्थान में संपूर्ण रूप से शराबंदी लागू हो, सशक्त लोकायुक्त लागू करने सहित विभिन्न मांगों को लेकर पूनम छाबड़ा ने सोमवार को जयपुर में शहीद स्मारक पर आमरण अनशन शुरू किया हैं। पूनम छाबड़ा प्रदेश में शराबंदी के लिए लंबे समय तक आंदोलन करने वाले गुरुशरण छाबड़ा की पुत्रवधू हैं।
इस अवसर पर उन्होंने मीडिया कर्मियों से बातचीत में कहा कि प्रदेश में शराबबंदी को लेकर सरकार के साथ जो समझौता हुआ था उसे अभी तक लागू नहीं किया हैं। गुरुशरण छाबड़ा को शहीद का दर्जा देने की मांग भी लंबे समय से की जा रही हैं, लेकिन सरकार इस पर भी ध्यान नहीं दे रही हैं। सरकार ने जो कमेटियां बनाई थी वो कमेटिया नाम मात्र की बनी हुई हैं।
पूनम ने कहा कि जिस दिन गुरुशरण छाबड़ा ने शराबबंदी आंदोलन के नाम पर बलिदान दिया उस दिन प्रदेश में सरकार को ड्राई डे घोषित करना चाहिए। इसके अलावा ईद, मोहर्रम, नवरात्री के साथ ही अंबेडकर जयंती और उनकी पुण्यतिथि, गुरु नानक जयंती पर भी सरकार ड्राई डे घोषित करें। पूनम ने कहा कि सरकार को यह कानून भी बनाना चाहिए कि शराब पीने वाले व्यक्ति की उम्र कम से कम 25 साल होनी चाहिए। जब तक सरकार ये मांगे नहीं मानती उनका आमरण अनशन जारी रहेगा।
गौरतलब हैं कि प्रदेश में संपूर्ण शराबबंदी की मांग को लेकर गुरुशरण छाबड़ा ने बड़ा आंदोलन किया था। उनके निधन के बाद उनकी पुत्रवधू पूनम छाबड़ा भी उस आंदोलन को लगातार आगे बढ़ा रही हैं।

