Site iconSite icon AR Live News

राजस्थान में भीषण सड़क हादसा : बस और ट्रक की भिड़ंत में 11 लोग जिंदा जले

11 burnt to death in bus truck accident in Barmer Rajasthan11 burnt to death in bus truck accident in Barmer Rajasthan

बाड़मेर,(एआर लाइव न्यूज)। राजस्थान के बाड़मेर जिले में बुधवार को बस और ट्रक के बीच भीषण हादसा हुआ। बस और ट्रक में हुई भिंड़त से दोनों वाहनों में भीषण आग लग गयी और इससे 11 लोग जिंदा जल गए, वहीं बस में बैठे 22 लोग झुलस गए हैं।

वाहनों के बीच हुई टक्कर इतनी भीषण थी कि बस में बैठी सवारियों को बचने का मौका तक नहीं मिला और वे चंद सैकंड्स में आग की लपटों से घिर गए। पुलिस ने बताया कि हादसा जोधपुर-बाड़मेर हाईवे पर भांडी गांव के पास हुआ है।

हादसे की सूचना पर एसपी दीपक भार्गव जाब्ता सहित मौके पर पहुंचे। एसपी ने हादसे में 11 लोगों की मौत की पुष्टि की है, वहीं 22 लोगों को बालोतरा स्थित अस्पताल भर्ती करवाया गया है, वहीं गंभीर झुलसे 3 लोगों को जोधपुर रैफर कर दिया गया है।

रॉन्ग साइड आ रहा ट्रक बस से जा भिड़ा

पुलिस ने बताया कि सवारियों से भरी बस बाड़मेर जिले के बालोतरा से रवाना होकर जोधपुर जा रही थी। हाईवे पर भांडी गांव के पास अचानक से रॉन्ग साइड आ रहा ट्रेलर बस से जा भिड़ा। दोनों वाहनों की टक्कर इतनी भीषण थी कि बस में आगे बैठीं सवारियों को बचने का मौका तक नहीं मिला। बस में पीछे बैठी कुछ सवारियों ने बस खिड़कियों से कूद कर अपनी जान बचाई।

हादसे के बाद मौके पर काफी भीड़ इकट्ठी हो गयी। ग्रामीणों ने बस में फंसे लोगों को निकालकर उन्हें बचाने का कार्य किया, तब तक पुलिस भी मौके पर पहुंच गयी। पचपदरा विधायक मदन प्रजापत और प्रभारी मंत्री सुखराम विश्नोई, सहित संभागीय आयुक्त, कलेक्टर भी मौके पर और अस्पताल पहुंचे।

सीएम ने कलेक्टर से की बात

हादसे की सूचना मिलते ही सीएम अशोक गहलोत ने बाड़मेर कलेक्टर और एसपी से बात की और त्वरित कार्यवाही और घायलों, पीड़ित परिवारों की हर संभव मदद करने के निर्देश दिए हैं।

Exit mobile version