जयपुर,(एआर लाइव न्यूज)। केन्द्र सरकार के पेट्रोल-डीजल पर एक्साइज ड्यूटी कम करने से उसी अनुपात में राज्यों में स्वतः ही वैट भी कम हो गया है। इससे राजस्थान में पेट्रोल 6.80रूपए/लीटर और डीजल 12.60 रूपए/लीटर सस्ता हो गया है। यह जानकारी गुरूवार को मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने दी और केन्द्र सरकार ने एक्साइज ड्यूटी और कम करने की अपील की।
मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने कहा कि पेट्रोल-डीजल पर एक्साइज ड्यूटी कम होने से राज्यों का वैट भी उसी अनुपात में स्वतः ही कम हो जाता है। केन्द्र सरकार ने पेट्रोल पर एक्साइज ड्यूटी 5 रूपए घटाई, इससे राजस्थान में इस पर लगने वाला वैट भी 1.80 रूपए प्रति लीटर कम हो गया है। इससे राज्य में पेट्रोल कुल 6.80 रूपए प्रति लीटर सस्ता हो गया है। इसी प्रकार केन्द्र सरकार ने डीजल पर एक्साइज ड्यूटी 10 रूपए घटाई, इससे इस पर लगने वाला वैट 2.60 रूपए कम हुआ है। इससे राज्य में डीजल कुल 12.60 रूपए प्रति लीटर पैसे सस्ता हो गया है।
सीएम गहलोत ने कहा सभी जिलों के जिला प्रशासन और ऑयल कम्पनियों व पेट्रोल पम्पों के सहयोग से यह सुनिश्चित किया जायेगा कि पेट्रोल-डीजल की दरों में कमी का लाभ सीधा आमजन को मिले।

