नई दिल्ली,(एआर लाइव न्यूज)। दीपावली पर केन्द्र सरकार ने पेट्रोल-डीजल की एक्साइज ड्यूटी घटा कर लोगों को राहत दी है। पेट्रोल पर 5 रूपए और डीजल पर 10 रूपए एक्साइज ड्यूटी घटाई है। नई कीमतें गुरूवार 4 नवंबर से लागू होंगी।
हालां कि इसके बाद भी राजस्थान में पेट्रोल-डीजल की कीमतों से आमजन को कितनी राहत मिलेगी, यह आने वाले दिनों में ही पता चल सकेगा। केन्द्र सरकार द्वारा अचानक एक्साइज ड्यूटी में कटौती करने के पीछे उपचुनावों के नकारात्मक परिणाम भी माने जा रहे हैं।
121 रूपए तक महंगा हो गया पेट्रोल
पेट्रोल-डीजल की कीमतों में लगातार हो रही बढ़ोतरी ने आम आदमी की कमर तोड़ दी है। महंगाई बढ़ने के साथ ही पेट्रोल-डीजल अपने उच्चतम स्तर पर हैं। राजस्थान के कई शहरों में पेट्रोल 118 रूपए से 121 रूपए प्रति लीटर पहुंच गया है। वहीं डीजल 110 रूपए प्रति लीटर है।
केंद्र ने राज्यों से वैट घटाने की अपील की
एक्साइज ड्यूटी में कटौती के बाद केंद्र सरकार ने राज्यों से पेट्रोल-डीजल पर वैट घटाने की अपील की है। ताकि पेट्रोल-डीजल और सस्ता हो सके। अलग-अलग राज्यों में पेट्रोल-डीजल पर 20 से 35 प्रतिशत वैट लगाया जा रहा है।

