कोटा,(एआर लाइव न्यूज)। दीपावली पर्व पर मिट्टी के बने दीये और उनको बनाने वाले स्थानीय कुम्हारों को प्रमोट करने कोटा कलेक्टर उज्ज्वल राठौड़ ने एक बड़ी पहल की हैं।
राठौड़ ने सभी सम्बंधित अधिकारियों, विभाग को पत्र जारी किया हैं कि दीपावली पर्व को देखते हुए कुम्हार एवं जिले के ग्रामीणों द्वारा मिट्टी के दीये बनाये जाते हैं। अतः मिट्टी के बने दियों को बढ़ावा देना हैं। ऐसे में मिट्टी के बने दीयों को विक्रय किये जाने हेतु बाजारों में आने वाले कुम्हारों / ग्रामीणों को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसका पूर्ण रूप से ध्यान रखा जावें।
कलेक्टर राठौड़ ने पत्र में यह भी साफ कहा है कि नगरीय निकाय, ग्राम पंचायत क्षेत्रों में इनमें किसी भी प्रकार की कर वसूली नहीं की जाए। साथ ही मिट्टी के दीयों के उपयोग को प्रोत्साहित किया जावें।
कलेक्टर ने पुलिस प्रशासन के साथ ही मुख्य कार्यकारी अधिकारी, जिला परिषद कोटा, उप निदेशक, स्थानीय निकाय विभाग कोटा,जिले के समस्त उपखण्ड अधिकारी,सभी नगर पालिकाओं के अधिशाषी अधिकारी, समस्त बीडीओ और तहसीलदार को इसकी पालना करने को कहा हैं। राठौड़ उदयपुर में दो बार यूआईटी सचिव भी रह चुके हैं।

