श्रीनगर/नई दिल्ली,(ARLive news)। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह आज से जम्मू कश्मीर के 3 दिवसीय दौरे पर रहेंगे। 370 हटने के बाद ये उनका यहां का पहला दौरा है। जम्मू कश्मीर पहुंचते ही अमित शाह ने श्रीनगर में शहीद इंस्पेक्टर परवेज अहमद डार के परिजनों से मुलाकात की, इस दौरान शाह ने डार की पत्नी फातिमा अख्तर को सरकारी नौकरी देने का वादा किया।
अमित शाह ने शहीद इंस्पेक्टर परवेज अहमद के परिजनों से कहा कि पूरा देश आपके साथ है, हम हमेशा जम्मू कश्मीर पुलिस और परवेज अहमद डार के सर्वोच्च बलिदान को याद रखेंगे। वहीं, अमित शाह ने ट्वीट किया, जम्मू कश्मीर पुलिस के शहीद जवान परवेज अहमद दार के घर जाकर उन्हें श्रद्धांजलि दी, मुझे व पूरे देश को उनकी बहादुरी पर गर्व है। उनके परिजनों से भेंट की और उनकी पत्नी को सरकारी नौकरी दी। इसी के साथ उन्होंने कहा कि मोदी जी ने जो नए J&K की कल्पना की है, उसको साकार करने के लिए पुलिस पूरी तन्मयता से प्रयासरत है।
इसी साल जून में आतंकियों ने श्रीनगर के नौगाम इलाके में पुलिस इंस्पेक्टर परवेज अहमद डार की हत्या कर दी थी। आतंकियों ने श्रीनगर के नौगाम स्थित कानीपोरा मस्जिद में जाते वक्त अहमद डार पर फायरिंग की थी जिस दौरान उनकी मौत हो गई थी।

