उदयपुर,(एआर लाइव न्यूज)। वल्लभनगर उप चुनाव में बगावत के राजनीतिक चक्रवात से जूझ रही भाजपा ने शुक्रवार शाम सख्ती दिखाई। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष सतीश पूनियां ने उप चुनाव में बगावत कर नागौर सांसद हनुमान बेनीवाल की पार्टी आरएलपी से चुनाव लड़ने पर उदयलाल डांगी को 6 साल के लिए भाजपा से निष्कासित कर दिया हैं। उदयलाल डांगी पिछले विधानसभा चुनाव में वल्लभनगर में भाजपा के प्रत्याशी थे।
भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश उपाध्यक्ष रही दीपेंद्र कुंवर को भी पार्टी प्रत्याशी के विरुद्ध प्रचार करने पर भाजपा से 6 साल के लिए निष्कासित कर दिया गया है। दीपेंद्र कुंवर के पति एवं जनता सेना के संस्थापक रणधीर सिंह भींडर वल्लभनगर में चुनाव मैदान में है।
भाजपा के मंडल अध्यक्ष रहे कालूलाल लोहार को भी 6 साल के लिए भाजपा से निष्काषित कर दिया गया है। भाजपा के प्रदेश महामंत्री भजनलाल शर्मा ने शुक्रवार शाम निष्कासन के ये तीनो आदेश जारी किए है। भाजपा के देहात जिला अध्यक्ष भंवर सिंह को इसकी जानकारी दे दी गई है।

