लखनऊ,(ARlive news)। कुशीनगर को बुधवार को अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे की सुविधा मिल गई। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बुधवार सुबह इस अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे का उद्घाटन किया। इस अवसर पर मोदी ने कहा कि भारत बौद्ध समाज के लोगो की आस्था और प्रेरणा का बड़ा केंद्र है। आज कुशीनगर अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे की यह सुविधा विकसित होने से यहां धार्मिक पर्यटन को भी बढ़ावा मिल सकेगा और इससे इस क्षेत्र में पर्यटन गतिविधियां भी बढ़ेंगी।
मोदी ने कहा कि कुछ सप्ताह में कुशीनगर से दिल्ली के बीच सीधी उड़ान भी शुरू होने जा रही हैं। इससे घरेलू यात्रा करने वालो को भी सुविधा मिलेगी। मोदी ने एयर कनेक्टिविटी को बढ़ाने के लिए किए जा रहे प्रयासों की जानकारी देते हुए कहा कि यूपी के अलग अलग अंचल से हवाई मार्ग की कनेक्टिविटी बहुत जल्द मजबूत हो जाएगी। केंद्र और राज्य सरकार के सहयोग से करीब 260 करोड़ की लागत से यह हवाई अड्डा तैयार किया गया है।
इस अवसर पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, राज्यपाल आनंदीबेन पटेल और केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया के साथ ही श्रीलंका, थाईलैंड सहित कई देशों के राजदूत और प्रतिनिधि भी मौजूद थे।

