चुरू(एआर लाइव न्यूज)। चुरू जिले के सालासर क्षेत्र के कोलासर गांव में बुधवार को एक टीचर ने होम वर्क नहीं करने पर 13 वर्षीय छात्र गणेश को ऐसे जमीन पर पटक पटक कर मारा कि उसकी मौत ही हो गई।
पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर आरोपी टीचर मनोज ढिढारिया को हिरासत में ले लिया है। शिक्षा मंत्री गोविंद सिंह डोटासरा ने बच्चे की मौत पर दुख व्यक्त करते हुए, स्कूल की मान्यता निलंबित कर दी है।
घटनाक्रम अनुसार कोलासर गांव के एक प्राइवेट स्कूल में कक्षा सात में पढ़ने वाले 13 वर्षीय छात्र गणेश ने होम वर्क नहीं किया। इस बात को लेकर टीचर मनोज ढिढारिया को इतना गुस्सा आ गया कि उसने बच्चे की पिटाई शुरू कर दी। इतना ही नहीं इस बेरहम टीचर ने गणेश को लाते घुसे मारते हुए जमीन पर पटक पटक कर इतना मारा कि वह बेहोश हो गया। बाद में अस्पताल ले गए, लेकिन तब तक यह बच्चा दम तोड़ चुका था। मृतक के पिता ओम प्रकाश शर्मा निवासी कोलासर ने आरोपी टीचर के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कराया है। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर आरोपी टीचर को हिरासत में ले लिया हैं।
आरोपी टीचर ने ही बच्चे के पिता को दी सूचना
पिटाई के बाद जब गणेश बेहोश हो गया था। तब घबराए टीचर मनोज ने ही फोन कर गणेश के पिता को फोन कर बताया कि थोड़ी सी पिटाई कि उसमें वह बेहोश हो गया हैं। यह सुनकर गणेश के पिता तुरन्त स्कूल पहुँचे,लेकिन तब तक एक पिता अपने मासूम बेटे को खो चुका था।

