जयपुर,(ARLive news)। वल्लभनगर और धरियावद विधानसभा सीट के लिए हो रहे उप चुनाव में आचार संहिता के उल्लंघन पर प्रभावी कार्यवाही के लिए आमजन “cvigil” नागरिक सतर्कता एप पर भी शिकायत कर सकते हैं। इस एप की खास बात यह है कि आचार संहिता से जुड़ी किसी भी शिकायत का समाधान महज 100 मिनट में होगा।
राज्य के मुख्य निर्वाचन अधिकारी प्रवीण गुप्ता ने बताया कि अभी तक आचार संहिता के उल्लंघन की शिकायतों पर पर्याप्त सबूतों के अभाव में कडी कार्यवाही नहीं हो पाती थी। अब इस एप के जरिए फास्ट ट्रेक शिकायत प्राप्ति और समाधान प्रणाली से प्राप्त शिकायतों का तय समय सीमा में कार्यवाही संभव होगी। कोई भी व्यक्ति सी विजिल एप को मोबाइल फोन में डाउनलोड कर सकता है। यह एप्लीकेशन केवल उन्हीं राज्यों की भौगोलिक सीमा के भीतर उपयोग में आ सकेगी जहां अभी चुनाव हो रहे हैं।
गुप्ता ने बताया कि आमजन आचार संहिता का उल्लंघन करने वाली गतिविधियों का संक्षेप में विवरण करते हुए एक फोटो खींचें या 2 मिनट का एक वीडियो बनाएं। शिकायत दर्ज करने से पहले उसका संक्षेप में उल्लेख करें। शिकायत के साथ संलग्न जीआईएस सूचना स्वतः संबंधित जिला नियन्त्रण कक्ष तक पहुंच जाती है। जिसके बाद उड़नदस्ता कुछ ही मिनटों में घटनास्थल पर भेजकर कार्यवाही सुनिश्चित करता है।

