उदयपुर(ARLive news)। दक्षिण-पश्चिम मानसून की बुधवार को राजस्थान से विदाई शुरू हो गई है। मौसम विभाग द्वारा बुधवार शाम जारी किए गए मानसून अपडेट के अनुसार दक्षिण पश्चिम मानसून की आज पश्चिमी राजस्थान के कुछ हिस्सों और उससे सटे गुजरात के कुछ हिस्सों से वापसी शुरू हो गई हैं।
अगले तीन दिन में गुजरात, पूरे राजस्थान, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ और दिल्ली, जम्मू कश्मीर, लद्दाख, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश के कुछ हिस्सों से दक्षिण पश्चिम मानसून की वापसी के लिए परिस्थितियां अनुकूल होती जा रही हैं।
उदयपुर शहर में 46 दिन बरसे बादल
मानसून रिपोर्ट के अनुसार इस साल 1 जून से 6 अक्टूबर तक उदयपुर शहर में 46 दिन बारिश हुई। जल संसाधन विभाग के मोहता पार्क के पास कार्यालय परिसर में स्थापित वर्षा मापक केंद्र पर कुल 407 मिलीमीटर बारिश मापी गई हैं। इस साल मेवाड़-हाड़ौती के रास्ते 18 जून को मानसून ने राजस्थान में प्रवेश किया था।
उदयपुर जिले में औसत से कम बारिश
उदयपुर जिले में गत 10 वर्षों की औसत बारिश 824.78 मिलीमीटर के मुकाबले इस बार कुल 552 मिलीमीटर बारिश ही हुई है। इस बार बादलो ने झीलों के कैचमेंट पर भी उम्मीद अनुरूप मेरहबानी नहीं बरसाई।
प्रतापगढ़ में हुई सबसे अधिक 1491 एमएम बारिश
इस मानसून में मेवाड़ में सबसे अधिक कुल 1491 मिलीमीटर बारिश प्रतापगढ़ जिला मुख्यालय पर हुई है। धरियावद में कुल 900, बांसवाड़ा के गढ़ी में 944 और चित्तौड़ के निम्बाहेड़ा में कुल 985 मिलीमीटर बारिश हुई हैं। उदयपुर जिले सबसे अधिक कुल 787 मिलीमीटर बारिश कानोड़ तहसील क्षेत्र में हुई है।

