उदयपुर,(ARLive news)। उत्तर प्रदेश के शामली के कैराना स्थित अवैध पटाखा फैक्ट्री में शुक्रवार दोपहर तेज धमाकों के साथ आग लग गयी और फैक्ट्री चंद सैकंड में मलबे में तब्दील हो गयी। हादसे में फैक्ट्री में काम कर रहे 4 लोगों की मौत हो गयी, वहीं 4 मजदूर गंभीर घायल हैं, जिनका अस्पताल में इलाज जारी है। हादसे ेके बाद से फैक्ट्री मालिक राशिद फरार हो गया है।
शामली एसपी ने बताया कि कुछ मजदूरों के मलबे में दबे होने की आशंका है। राशिद के पास पटाखा बनाने का लाइसेंस है या नहीं, इसकी जांच की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि जिन मजदूरों की मौत हुई है, उनकी शिनाख्त की कोशिश की जा रही है।
पुलिस ने बताया कि फैक्ट्री मालिक पानीपत निवासी राशिद है। पहले यहां कैराना निवासी इकबाल की अचार बनाने की फैक्ट्री थी। यह कई सालों से बंद पड़ी थी। इकबाल ने करीब डेढ़ महीने पहले राशिद को फैक्ट्री लीज पर दी थी। राशिद करीब 15 दिन से इसमें अवैध रूप से पटाखे बनवाने का काम कर रहा था। जैसे ही धमाका हुआ, फैक्ट्री भरभरा कर गिर गई।

