उदयपुर,(ARLive news)। उदयपुर प्रशासन ने रीट परीक्षा के लिए सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं और परीक्षार्थियों का आगमन भी शुरू हो गया है। परीक्षा के दौरान नकल की संभावनाओं को पूरी तरह से रोकने के लिए उदयपुर जिले में 26 सितंबर को सुबह 6 बजे से शाम 6 बजे तक इंटरनेट बंद रहेगा।
संभागीय आयुक्त राजेन्द्र भट्ट ने इस संबंध में आदेश भी जारी कर दिए हैं। इसके तहत लसाड़िया और कोटड़ा उपखंड क्षेत्र छोड़कर पूरे उदयपुर जिले में 26 सितंबर को सुबह 6 बजे से शाम 6 बजे तक इंटरनेट सेवा बंद रहेगी।
कलेक्टर ने बस स्टैंड का किया दौरा, परीक्षार्थियों से की बातचीत
उदयपुर में परीक्षार्थियों के लिए 222 रोडवेज बसों और 48 अधिकृत की गयी निजी बसों का प्रबंध किया गया है। शनिवार को कलेक्टर चेतन देवड़ा ने वाहनों की व्यवस्था का चेक करने के लिए रोडवेज बस स्टैंड उदियापोल और पहाड़ी बस स्टैंड चेतक सर्किल का दौरान किया। कलेक्टर ने बस स्टैंड पर पहुंचे परीक्षार्थियों से बातचीत की, इसके बाद परीक्षार्थी अपने सेंटर्स के अनुसार बसों में बैठकर गंतव्य स्थान के लिए रवाना हो गए, वहीं विभिन्न स्थानों से उदयपुर में परीक्षार्थियों का आना भी शुरू हो गया है।

