जयपुर,(ARLive news)। राजस्थान में सभी महिलाओं को सेनेटरी नैपकिन निशुल्क मिलेंगे। इसके लिए राज्य सरकार पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी के जन्मदिवस पर 19 नवंबर से उड़ान योजना शुरू करने जा रही है। योजना के तहत स्कूल, कॉलेज, आंगनबाड़ी केन्द्रों सहित अन्य माध्यमों के जरिए महिलाओं में चरणबद्ध रूप से सेनेटरी नैपकिन का निशुल्क वितरण किया जाएगा।
मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने उड़ान योजना के लिए 200 करोड़ रूपए के बजट प्रावधान के प्रस्ताव का अनुमोदन कर दिया है। पहले राज्य सरकार यह सुविधा सिर्फ छात्राओं और किशोरियों को ही उपलब्ध करवा रही थी, लेकिन अब इसका दायरा बढ़ाते हुए राज्य सरकार प्रदेश की सभी महिलाओं को आवश्यकतानुसार सेनेटरी नैपकीन निशुल्क उपलब्ध कराएगी।
ग्रामीण क्षेत्रों पर रहेगा फोकस
उड़ान योजना का नोडल विभाग महिला अधिकारिता विभाग होगा। योजना के अनुसार, राजस्थान स्वास्थ्य सेवाएं कॉर्पोरेशन लिमिटेड (आरएमएससीएल) स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से सेनेटरी नैपकिन खरीदेगा और महिलाओं में इनका निशुल्क वितरण किया जाएगा। नैपकिन की व्यवस्था से संबंधित शिकायत हेल्पलाइन नम्बर 181 पर की जा सकेगी। ग्रामीण क्षेत्रों पर ज्यादा फोकस किया जाएगा।

